तेलंगाना राज्य स्तरीय पुलिस भर्ती बोर्ड (TGSLPRB) ने पुलिस विभाग में 7,112 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत पुलिस कांस्टेबल, फायर फाइटर, वार्डर (पुरुष एवं महिला) और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के पद भरे जाएंगे। 12वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का यह सुनहरा अवसर माना जा रहा है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, भर्ती में सबसे अधिक 3,697 पद SCT पुलिस कांस्टेबल (सिविल) के लिए हैं। इसके अलावा 1,052 पद SCT कांस्टेबल (AR), 1,380 पद तेलंगाना स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स, 751 फायर फाइटर, 196 पुरुष वार्डर, 12 महिला वार्डर और अन्य पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चयनित उम्मीदवारों को 24,280 रुपये से 72,850 रुपये प्रति माह तक वेतन मिलेगा।
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (इंटरमीडिएट) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। उच्च शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। वहीं, फायर फाइटर पद के लिए वैध लाइट मोटर व्हीकल (LMV) ड्राइविंग लाइसेंस होना आवश्यक होगा।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 22 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट मिलेगी।
इच्छुक उम्मीदवार तेलंगाना पुलिस भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए पहले पंजीकरण करना होगा, इसके बाद लॉगिन कर आवेदन पत्र भरना, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना और निर्धारित शुल्क (यदि लागू हो) जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा। आवेदन पत्र का प्रिंटआउट भविष्य के लिए सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi