Friday , September 18 2026

अनुष्का मर्डर केस: शरीर पर टैटू बना विवाद की वजह, हिस्ट्रीशीटर ने छात्रा को मारीं तीन गोलियां, फिर खुद को भी गोली मारी

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। डिफेंस एन्क्लेव स्थित जोनल पार्क के पास एक हिस्ट्रीशीटर ने 12वीं की छात्रा को तीन गोलियां मार दीं। वारदात के तुरंत बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गंभीर रूप से घायल छात्रा का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शिवलोकपुरी निवासी आदित्य प्रधान (22) के रूप में हुई है, जो कंकरखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर था। घायल छात्रा अनुष्का (19) न्यू गोविंदपुरी की रहने वाली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों एक-दूसरे को पिछले करीब चार वर्षों से जानते थे।

सीसीटीवी फुटेज में दोनों के बीच घटना से पहले करीब दस मिनट तक बातचीत और कहासुनी होती दिखाई दे रही है। पुलिस का कहना है कि विवाद के दौरान आदित्य ने पिस्टल निकालकर छात्रा पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं। इसके बाद उसने खुद के सीने में भी गोली मार ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां आदित्य को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि छात्रा का उपचार जारी है।

जांच के दौरान मौके से दो अवैध पिस्टल और पांच खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन, बाइक और स्कूटी भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में एक निजी विवाद इस घटना की वजह माना जा रहा है। छात्रा के शरीर पर बने टैटू को लेकर दोनों के बीच मतभेद की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है।

आदित्य प्रधान पर हत्या के प्रयास, अवैध हथियार और लूट समेत कई संगीन मामलों में मुकदमे दर्ज थे। वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस ने दोनों परिवारों से पूछताछ शुरू कर दी है और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

हत्याकांड के बाद सुब्रत की जल्दबाजी पर उठे सवाल, चौथे दिन संभाला कारोबार; पोस्ट-रील्स भी गायब

कानपुर में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या की जांच अब पारिवारिक विवाद के साथ ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *