Friday , September 18 2026

अवैध रिश्ते का दर्दनाक अंत: प्रेमी और पत्नी ने मिलकर की पति की हत्या, जांच में चौंकाने वाला खुलासा

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि कुंजबिहारी राजभर की हत्या उसकी पत्नी नेहा राजभर ने अपने प्रेमी गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू भारती के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने हत्या की साजिश और वारदात से जुड़ी अहम जानकारी दी है।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के अनुसार, 25 जुलाई को कसारा गांव के पास एक युवक का शव मिला था। पहचान न होने के कारण मामले की जांच जारी थी। बाद में मृतक की पहचान कुंजबिहारी राजभर के रूप में हुई। पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें मृतक अपनी पत्नी और एक युवक के साथ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हो गया।

जांच में पता चला कि नेहा का विवाह से पहले से ही गुड्डू कुमार से प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी दोनों संपर्क में रहे। आरोप है कि नेहा ने अपने प्रेमी को फुफेरा भाई बताकर पति का भरोसा जीत लिया और उसे मुंबई में भी पति के साथ रहने की व्यवस्था कर दी। इसी दौरान कुंजबिहारी को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होने लगा।

पुलिस के मुताबिक, घटना से कुछ दिन पहले सभी मऊ लौट आए थे। 25 जुलाई को नेहा ने पति को मुंबई जाने का बहाना बनाकर मऊ स्टेशन बुलाया और फिर उसे कसारा इलाके में ले गई, जहां पहले से गुड्डू मौजूद था। वहां तीनों के बीच विवाद और मारपीट हुई, जिसमें कुंजबिहारी की मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नेहा राजभर और गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू भारती को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Check Also

अयोध्या राममंदिर: देव शिल्पी विश्वकर्मा की हुई पूजा, मंदिर परिसर में दिखा भक्तिमय माहौल

श्रीराम जन्मभूमि परिसर में देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर विशेष पूजन-अनुष्ठान ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *