उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने टीजीटी भर्ती 2022 के तहत 14 विषयों का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने 2,982 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची, विषयवार और श्रेणीवार कटऑफ के साथ लिखित परीक्षा के प्राप्तांक भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर उपलब्ध करा दिए हैं। अभ्यर्थी रोल नंबर और जन्मतिथि के जरिए अपना परिणाम देख सकते हैं।
हालांकि अंग्रेजी विषय के 557 पदों का अंतिम परिणाम फिलहाल जारी नहीं किया गया है। आयोग के अनुसार, अंग्रेजी विषय की फाइनल आंसर-की से जुड़ा मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट में विचाराधीन है। न्यायालय के निर्णय के बाद ही इस विषय का परिणाम घोषित किया जाएगा।
आयोग ने जिन 14 विषयों का परिणाम जारी किया है, उनमें हिंदी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, उर्दू, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, कृषि, कला, वाणिज्य, शारीरिक शिक्षा, संगीत गायन और संगीत वादन शामिल हैं। यह भर्ती विज्ञापन संख्या 01/2022 के तहत आयोजित की गई थी।
टीजीटी भर्ती परीक्षा 3 और 4 जून 2026 को आयोजित की गई थी। इसके बाद 30 जून 2026 को अभिलेख सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के लिए पदों की संख्या के लगभग डेढ़ गुना अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। अब सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है।
आयोग ने विषयवार और श्रेणीवार कटऑफ अंक भी जारी किए हैं। सामान्य, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, एससी, एसटी के अलावा भूतपूर्व सैनिक (Ex-Servicemen), स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित (DFF) और दिव्यांग (PwD) श्रेणियों की कटऑफ भी वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी अपने प्राप्तांक और कटऑफ का मिलान ऑनलाइन कर सकते हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि परिणाम, कटऑफ और प्राप्तांकों की जानकारी केवल एक सप्ताह तक आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। इसके बाद इस संबंध में सूचना का अधिकार (RTI) के तहत अलग से कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को समय रहते अपना परिणाम और अंक डाउनलोड करने की सलाह दी गई है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi