घरेलू सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मजबूत रुपये, कमजोर वैश्विक संकेतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत फैसले से पहले निवेशकों की सतर्कता के चलते सोना 2,640 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 5,200 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई।
ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के अनुसार, 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 2,640 रुपये टूटकर 1,47,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। इससे पहले पिछले कारोबारी सत्र में इसका भाव 1,49,640 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वहीं चांदी 5,200 रुपये की गिरावट के साथ 2,24,800 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई, जबकि सोमवार को इसका भाव 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम था।
विशेषज्ञों का कहना है कि रुपये की मजबूती से आयातित बुलियन की लागत कम हुई, जिससे घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव बना। इसके अलावा अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दर संबंधी फैसले से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया, जिसका असर कीमती धातुओं की मांग पर भी देखने को मिला।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी विश्लेषक सौमिल गांधी के अनुसार, फेडरल रिजर्व की बैठक से पहले निवेशकों ने नई खरीदारी से दूरी बनाई, जिसके चलते सोने की कीमतों में गिरावट आई। वहीं मीरा एसेट शेयरखान के कमोडिटी प्रमुख प्रवीण सिंह का कहना है कि ईरान-अमेरिका के बीच संभावित शांति वार्ता और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा। हाजिर सोना 53.30 डॉलर गिरकर 4,023.50 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि हाजिर चांदी करीब 2 फीसदी टूटकर 57.24 डॉलर प्रति औंस रह गई। विशेषज्ञों के अनुसार, डॉलर इंडेक्स में मजबूती और वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच निवेशकों की सतर्कता से सोने-चांदी की कीमतों में कमजोरी बनी हुई है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अब निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसले और वैश्विक आर्थिक संकेतकों पर रहेगी। आने वाले दिनों में इन्हीं घटनाक्रमों के आधार पर सोने और चांदी की कीमतों में आगे की दिशा तय होगी।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi