मध्य प्रदेश में पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने पुलिस विभाग में 9,662 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। गृह विभाग ने विभिन्न पदों के लिए स्वीकृति आदेश जारी कर दिए हैं। भर्ती प्रक्रिया कर्मचारी चयन मंडल (ESB) के माध्यम से पूरी की जाएगी और विस्तृत नोटिफिकेशन जल्द जारी होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर भर्ती से युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा और पुलिस बल भी मजबूत होगा।
गृह विभाग के अनुसार, भर्ती अभियान के तहत सबसे अधिक 7,500 पद आरक्षक (जीडी) के हैं। इसके अलावा 1,000 पद आरक्षक (चालक), 520 पद सहायक उपनिरीक्षक (आशुलिपिक), 312 पद उपनिरीक्षक (जिला पुलिस बल), 135 पद सूबेदार (आशुलिपिक), 81 पद सूबेदार, 69 पद उपनिरीक्षक (विशेष सशस्त्र बल), 22 पद उपनिरीक्षक (अंगुल चिन्ह), 10 पद उपनिरीक्षक (आयुध), 9 पद उपनिरीक्षक (फोटो) और 4 पद उपनिरीक्षक (क्यूडी) के लिए भर्ती की जाएगी।
कर्मचारी चयन मंडल (ESB) जल्द विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी करेगा। इसमें आवेदन की तिथि, शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया, परीक्षा पैटर्न और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार करने की सलाह दी गई है।
राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश में कुल 18 हजार पुलिस पदों पर भर्ती करना है। फिलहाल पहले चरण में 9,662 पदों को मंजूरी मिली है, जबकि शेष पदों पर भर्ती के लिए भी जल्द स्वीकृति जारी किए जाने की तैयारी है। सरकार का कहना है कि इससे पुलिस बल की क्षमता बढ़ेगी और युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi