Tuesday , September 15 2026

पंजाब थाने पर हमले के दो आरोपी नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार, भारत में प्रवेश से पहले पुलिस ने पकड़ा

भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के अजनाला थाने पर वर्ष 2023 में हुए हमले के वांछित आरोपी विक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी नेपाल में पहचान छिपाकर रह रहा था और भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक अमेरिकी नागरिक को भी बिना वैध वीजा के सीमा पार करते हुए पकड़ा गया।

एसएसबी और रुपईडीहा पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा स्थित बॉर्डर आउट पोस्ट पर नियमित जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर विक्रमजीत सिंह को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, वह प्रतिबंधित संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ से जुड़ा है और फरवरी 2023 में पंजाब के अजनाला थाने पर हुए हमले के बाद से फरार चल रहा था।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच का फोकस फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह, अवैध सीमा पार कराने वाले नेटवर्क और स्थानीय सहयोगियों की भूमिका पर है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे सीमा क्षेत्र में निगरानी और सख्त कर दी है।

पूछताछ के दौरान एक अन्य व्यक्ति मनवीर सिंह ढिल्लों को भी पकड़ा गया, जो अमेरिकी नागरिक है और नेपाल के रास्ते बिना वैध वीजा के भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। जांच में उसकी अमेरिकी नागरिक पत्नी और आठ माह के बच्चे के पास वैध यात्रा दस्तावेज पाए गए, जिसके बाद उन्हें नियमानुसार भारत में प्रवेश की अनुमति दे दी गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनवीर सिंह ढिल्लों और विक्रमजीत सिंह एक ही वाहन में यात्रा कर रहे थे। पुलिस वाहन चालक और सीमा पार कराने में कथित रूप से शामिल अन्य लोगों से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

Check Also

सीएम योगी आज प्रयागराज में, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम पर टिकीं अधिवक्ताओं की नजर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रयागराज के दौरे पर रहेंगे। वह इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर स्थित ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *