Wednesday , July 22 2026

विलेन की अदाकारी करते वक्त मुझसे मत उलझना, केके मेनन ने साझा किया अपनी एक्टिंग का अनोखा तरीका

अभिनेता केके मेनन का मानना है कि किसी भी किरदार को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए उसे अपने भीतर महसूस करना जरूरी है। वे कहते हैं कि जब तक कलाकार अपने किरदार को भीतर से नहीं जीता, तब तक अभिनय बनावटी लगता है। अपनी आगामी सीरीज ‘आदर्श बाल विद्यालय’ के प्रमोशन के दौरान अमर उजाला से विशेष बातचीत में उन्होंने अभिनय, किरदारों की तैयारी और अपने करियर से जुड़े कई अनुभव साझा किए।

एक्शन और कट के बीच मैं किरदार बन जाता हूं

सीरीज में निभाए गए अपने किरदार ‘ज्ञानेश्वर’ पर बात करते हुए केके मेनन ने कहा कि हर किरदार उनके भीतर से निकलता है। उन्होंने कहा, “अगर मैं अपने भीतर से ज्ञानेश्वर को नहीं निकालूंगा तो वह सिर्फ एक्टिंग होगी। जब मैं किसी नकारात्मक किरदार को निभा रहा होता हूं तो ‘एक्शन’ और ‘कट’ के बीच मुझसे मत उलझना, क्योंकि उस समय मैं केके मेनन नहीं, बल्कि वही किरदार होता हूं।”

स्क्रिप्ट ही सबसे बड़ी तैयारी

केके मेनन ने बताया कि वह किसी भी किरदार की तैयारी के लिए सबसे ज्यादा भरोसा स्क्रिप्ट पर करते हैं। उनके मुताबिक, स्क्रिप्ट को बार-बार पढ़ने से हर बार किरदार की नई परतें सामने आती हैं। उन्होंने कहा कि एक अच्छा निर्देशक और लेखक कलाकार की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

थोड़ा तनाव जरूरी है

करीब तीन दशक लंबे करियर के बावजूद शूटिंग से पहले होने वाली घबराहट पर केके मेनन ने कहा कि वह इसे “एसेंशियल टेंशन” मानते हैं। उनके अनुसार, थोड़ा तनाव कलाकार को बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार रखता है, लेकिन यह तनाव कभी स्ट्रेस में नहीं बदलना चाहिए।

रोल चुनने का कोई तय फॉर्मूला नहीं

केके मेनन ने कहा कि वह किसी भूमिका को सुरक्षित या जोखिम भरा मानकर नहीं चुनते। यदि कोई किरदार उन्हें आकर्षित नहीं करता, तो वह उसे छोड़ देते हैं। उनका मानना है कि हर कलाकार की पसंद अलग होती है और हर निर्णय सही या गलत साबित हो सकता है।

सफलता-असफलता से नहीं जोड़ता खुद को

अभिनेता ने कहा कि शूटिंग और डबिंग पूरी होने तक वह अपने काम के प्रति पूरी तरह समर्पित रहते हैं, लेकिन उसके बाद परिणामों को लेकर ज्यादा नहीं सोचते। उनके मुताबिक, किसी फिल्म या सीरीज की सफलता और असफलता से खुद को जोड़ने के बजाय वह अपने काम की ईमानदारी पर भरोसा करते हैं।

किरदार घर लेकर नहीं जाता

केके मेनन ने बताया कि शूटिंग खत्म होने के बाद वह किसी भी किरदार को अपने साथ नहीं रखते। उनका कहना है कि एक बार काम पूरा हो जाए तो वह किरदार दर्शकों का हो जाता है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि उनके कुछ ऐसे शो भी हैं, जिन्हें उन्होंने आज तक खुद नहीं देखा है।

Check Also

सड़क से संसद तक घमासान: CJP मार्च के बीच सपा सांसद हिरासत में, अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान की अहम बैठक

संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सड़क से लेकर संसद तक सियासी हलचल तेज ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *