Tuesday , July 21 2026

UP Tragedy: पहले दीवार गिरी, फिर भरभराकर ढही छत; 30 सेकेंड में पांच लोगों की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना क्षेत्र स्थित हबीबपुर सीकरी गांव में रविवार रात तेज बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार घर में बैठकर खाना खा रहा था।

जानकारी के अनुसार, मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले इस्लाम अपने छह बच्चों के साथ भोजन कर रहे थे। इसी दौरान पहले मकान की पिछली पक्की दीवार भरभराकर गिर गई और कुछ ही सेकेंड बाद कच्ची छत भी ढह गई। पूरा परिवार मलबे में दब गया। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इस्लाम और उनके चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया। दो बच्चों का इलाज जारी है।

ग्रामीणों के मुताबिक, लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवार कमजोर हो गई थी। पहले दीवार गिरने से छत का सहारा खत्म हुआ और पूरा ढांचा ढह गया। हादसे के समय इस्लाम की पत्नी अपने दो बच्चों के साथ पड़ोस में गई हुई थीं, जिससे उनकी जान बच गई।

घटना की सूचना मिलते ही मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय वर्मा समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने की मांग की है।

Check Also

UP Cabinet: छात्राओं के लिए बड़ी सौगात, 50 हजार स्कूटी के साथ हेलमेट और पेट्रोल भी देगी सरकार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई उत्तर प्रदेश कैबिनेट बैठक में 16 ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *