Monday , September 14 2026

रहस्यमयी हालात में ऑटो चालक की मौत, दो दिन बाद पेड़ से लटका मिला शव; पुलिस कर रही जांच

वेव सिटी थाना क्षेत्र में 40 वर्षीय ऑटो चालक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अली मोहम्मद के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पुलिस पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या की आशंका जता रही है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।

पुलिस के अनुसार, अली मोहम्मद मूल रूप से फर्रुखाबाद के सुल्तानपुर का निवासी था और पिछले छह वर्षों से परिवार के साथ वेव सिटी के बम्हैटा गांव में किराये पर रह रहा था। वह ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।

परिजनों ने बताया कि पिछले दो दिनों से अली मोहम्मद का पत्नी आसबानो के साथ घरेलू विवाद चल रहा था। इसी दौरान वह घर से लापता हो गया। रविवार सुबह करीब 7:30 बजे डासना स्थित आईएमएस रोड पर मखदूम शाह कब्रिस्तान के पास उसका शव प्लास्टिक की रस्सी के फंदे से पेड़ पर लटका मिला। घटनास्थल के पास उसका ऑटो भी खड़ा मिला।

सूचना मिलने पर वेव सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अली मोहम्मद को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, डासना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह आत्महत्या का संभावित कारण सामने आया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत या गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी।

Check Also

सीएम योगी आज प्रयागराज में, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के कार्यक्रम पर टिकीं अधिवक्ताओं की नजर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रयागराज के दौरे पर रहेंगे। वह इलाहाबाद हाईकोर्ट परिसर स्थित ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *