देहरादून में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत सबसे अधिक करीब 1.89 लाख वोट हटाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) की संख्या 1882 से बढ़ाकर 2045 कर दी गई है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर ड्राफ्ट मतदाता सूची, सर्विस वोटर, एएसडी वोटर और पोलिंग बूथों की सूची की हार्ड व सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई। उन्होंने कहा कि यदि सूची में कोई त्रुटि या विसंगति दिखाई दे तो उसकी जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते सुधार किया जा सके।
ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार देहरादून जिले में कुल 11,90,805 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 9,369 सर्विस मतदाता और 10,130 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं।
निर्वाचन आयोग ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक तय की है। मतदाता अपने बीएलओ, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी या आयोग की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। सभी आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा, जबकि 15 सितंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि भाजपा, कांग्रेस और सीपीआईएम के कई बूथों पर अभी तक बीएलए-2 की नियुक्ति नहीं हुई है, जबकि बीएसपी और आम आदमी पार्टी ने किसी भी बूथ पर बीएलए-2 नियुक्त नहीं किए हैं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi