Tuesday , July 14 2026

रेचल शैली से मिले आमिर खान, लगान की यादों में खोए फैंस; दोनों से सीक्वल की करने लगे मांग

मुंबई। बॉलीवुड की चर्चित फिल्म ‘लगान’ के 25 साल पूरे होने के मौके पर अभिनेता आमिर खान और उनकी सह-कलाकार रेचल शैली एक बार फिर साथ नजर आए। दोनों की मुलाकात लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल में हुई, जहां फिल्म की सिल्वर जुबली का जश्न मनाया गया। इस खास मौके की तस्वीरें सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस पुरानी यादों में खो गए और दोनों कलाकारों को एक बार फिर साथ किसी फिल्म में देखने की इच्छा जताने लगे।

रेचल शैली ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस खास मुलाकात की कई तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में वह आमिर खान के साथ रेड कार्पेट पर मुस्कुराते हुए पोज देती और गले मिलती नजर आ रही हैं। इस दौरान आमिर खान नीली टी-शर्ट और जींस में कैजुअल लुक में दिखे, जबकि रेचल सफेद ड्रेस में बेहद आकर्षक नजर आईं। दोनों की तस्वीरों ने ‘लगान’ के दिनों की यादें एक बार फिर ताजा कर दीं।

तस्वीरें साझा करते हुए रेचल ने लिखा, “लगान के 25 साल। इस शानदार रविवार सुबह के सेलिब्रेशन के लिए आमिर खान प्रोडक्शंस का धन्यवाद।” उनके इस पोस्ट को फैंस का भरपूर प्यार मिला और कुछ ही समय में यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

फैंस ने की दोनों को फिर साथ देखने की मांग

आमिर खान और रेचल शैली की मुलाकात पर फैंस ने भी दिल खोलकर प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने लिखा, “आप दोनों को ‘लगान’ के 25 साल पूरे होने का जश्न मनाते देखना बेहद खास है। आप हमारी यादों का अहम हिस्सा हैं और आपको फिर किसी भारतीय फिल्म में साथ देखना चाहेंगे।” वहीं, एक अन्य फैन ने लिखा, “पूरी ‘लगान’ टीम को फिर से एक साथ देखना शानदार होगा। आप दोनों को फिल्म के कुछ यादगार दृश्य दोबारा करते देखना बेहद मजेदार रहेगा।” एक अन्य यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “गोरी मैम बिल्कुल नहीं बदलीं, आज भी ‘लगान’ वाली एलिजाबेथ जैसी ही दिखती हैं।”

25वीं वर्षगांठ पर रेचल ने साझा किया था भावुक संदेश

इस वर्ष की शुरुआत में, जब ‘लगान’ को भारत में उसकी 25वीं वर्षगांठ पर दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था, तब भी रेचल शैली ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया था। उन्होंने कहा था कि कभी-कभी उन्हें लगता है जैसे फिल्म की शूटिंग कल ही हुई हो और कभी ऐसा महसूस होता है मानो यह किसी दूसरे जन्म की बात हो। उन्होंने कहा कि फिल्म को कलाकार और तकनीकी टीम बनाते हैं, लेकिन दर्शकों का वर्षों तक मिला प्यार और समर्थन ही किसी फिल्म को अमर बना देता है।

साल 2001 में रिलीज हुई ‘लगान’ भारतीय सिनेमा की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाती है। फिल्म ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी, बल्कि इसे ऑस्कर अवॉर्ड्स में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म (तत्कालीन बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म) श्रेणी के लिए भी नामांकन मिला था। आज भी ‘लगान’ के किरदार और इसकी कहानी दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाए हुए हैं।

Check Also

जसलीन रॉयल से माफी मांगते दिखे विशाल ददलानी, बोले- इंडस्ट्री में महिला कंपोजर कम

मुंबई: सिंगर और संगीतकार विशाल ददलानी ने कोल्डप्ले कॉन्सर्ट विवाद को लेकर सिंगर-गीतकार जसलीन रॉयल ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *