Tuesday , July 14 2026

उत्तराखंड में मानसून का प्रकोप जारी, ऋषिकेश-यमुनोत्री हाईवे प्रभावित; आज भी भारी बारिश की आशंका

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। प्रदेशभर में भूस्खलन, मलबा और चट्टानें गिरने की घटनाओं के कारण ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 100 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें शामिल हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, बंद मार्गों को खोलने के लिए युद्धस्तर पर राहत और मरम्मत कार्य जारी है।

रिपोर्ट के मुताबिक, देहरादून में 10 ग्रामीण सड़कें बंद हैं, जबकि चमोली में 12, पिथौरागढ़ में 14, उत्तरकाशी में 10, टिहरी में 9, अल्मोड़ा में 5 और रुद्रप्रयाग में 4 सड़कें बाधित हैं। नैनीताल जिले में हल्द्वानी-भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामगढ़ पुल के पास सड़क धंसने से भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। वहीं, उत्तरकाशी में स्यानाचट्टी के पास ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी भूस्खलन के कारण बंद है।

रविवार को बारिश थमने के बाद प्रदेश के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे उमस भरी गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।

हालांकि, मौसम विभाग ने राहत के संकेत नहीं दिए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Check Also

लगातार बारिश से अलर्ट मोड में प्रशासन: केदारनाथ मार्ग पर सुरक्षा बढ़ी, यात्रियों को हटाया गया

रुद्रप्रयाग जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की भारी वर्षा की चेतावनी ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *