Tuesday , November 3 2026
Breaking News

तलाक की अफवाहों के बीच सुनीता आहूजा का बड़ा खुलासा, गोविंदा संग रिश्ते पर कही ये बात

रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ से बाहर आने के बाद अभिनेता गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने अपने वैवाहिक रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। लंबे समय से चल रही अलगाव और तलाक की अटकलों के बीच उन्होंने साफ किया कि तमाम उतार-चढ़ाव के बावजूद उनका रिश्ता आज भी प्यार और भरोसे पर टिका हुआ है। उन्होंने कहा कि एक अभिनेता की पत्नी होना आसान नहीं होता, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने रिश्ते को समझदारी और माफ़ी के साथ निभाने की कोशिश की है।

एक इंटरव्यू में सुनीता आहूजा ने शादी में भरोसे और माफ़ करने की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि फिल्म इंडस्ट्री का कोई भी हीरो पूरी तरह दूध का धुला होगा। कलाकार अपने काम की वजह से हीरोइनों के साथ काफी समय बिताते हैं। ऐसे में रिश्ता इस बात पर टिकता है कि आप अपने साथी पर कितना भरोसा करते हैं और अपने प्यार को किस नजरिए से देखते हैं।”

सुनीता ने कहा कि उन्होंने किशोरावस्था में गोविंदा से प्यार किया था और आज भी उनके लिए वही भावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि इतने वर्षों के वैवाहिक जीवन में कई मुश्किलें आईं, लेकिन उन्होंने हर बार रिश्ते को प्राथमिकता दी। उनके मुताबिक, सच्चे प्यार में नाराज़गी और गलतफहमियों के बाद भी माफ़ करने की गुंजाइश रहती है।

उन्होंने यह भी कहा कि एक अभिनेता की पत्नी बनने के लिए दिल मजबूत रखना पड़ता है। उनके अनुसार, फिल्मी दुनिया की चमक-दमक के बीच रिश्तों को संभालना आसान नहीं होता, लेकिन अगर प्यार सच्चा हो तो हर मुश्किल को पार किया जा सकता है। सुनीता ने यह भी साझा किया कि गोविंदा आज भी उन्हें प्यार से ‘बच्ची’ कहकर बुलाते हैं, जो उनके रिश्ते की गहराई को दर्शाता है।

सुनीता आहूजा का यह बयान ऐसे समय आया है, जब सोशल मीडिया पर उनके और गोविंदा के रिश्ते को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि, उनके ताजा बयान से यह साफ हो गया है कि तमाम अफवाहों के बावजूद दोनों के रिश्ते में विश्वास और साथ आज भी कायम है।

Check Also

बॉक्स ऑफिस अपडेट: उड़ता तीर की कमाई में आया उछाल, जेलर 2 इतिहास रचने को तैयार; नई नवेली का हाल भी जानें

सिनेमाघरों में इन दिनों कई फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला देखने को मिल ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *