Friday , September 18 2026

कुछ कुछ होता है से PM मोदी ने समझाए भारत-इंडोनेशिया रिश्ते, करण जौहर बोले- गर्व का पल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया दौरे के दौरान भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों को बॉलीवुड के लोकप्रिय गीत और फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के जरिए अनोखे अंदाज में समझाया। पीएम मोदी के इस बयान पर फिल्म के निर्देशक करण जौहर ने खुशी जताते हुए इसे अपने लिए सम्मान की बात बताया।

‘कुछ कुछ’ नहीं, ‘बहुत कुछ’ होता है

जकार्ता में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इंडोनेशिया में भारत का लोकप्रिय गीत ‘कुछ कुछ होता है’ खूब पसंद किया जाता है। इसी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, “जब भारत और इंडोनेशिया साथ चलते हैं, तो ‘कुछ कुछ’ नहीं बल्कि ‘बहुत कुछ’ होता है।” प्रधानमंत्री के इस बयान पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया।

करण जौहर ने जताई खुशी

प्रधानमंत्री के भाषण का वीडियो सामने आने के बाद फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के निर्देशक करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर इसकी क्लिप साझा की। उन्होंने लिखा कि जकार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी फिल्म का जिक्र करते देखना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। करण ने कहा कि प्यार ऐसी भाषा है, जो सभी सीमाओं से परे होती है। उन्होंने फिल्म को याद करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

करण जौहर की डेब्यू फिल्म थी ‘कुछ कुछ होता है’

साल 1998 में रिलीज हुई ‘कुछ कुछ होता है’ से करण जौहर ने बतौर निर्देशक बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म में शाहरुख खान, काजोल और रानी मुखर्जी मुख्य भूमिकाओं में थे, जबकि सलमान खान ने विशेष भूमिका निभाई थी। यह फिल्म और इसके गीत भारत के साथ-साथ कई एशियाई देशों में आज भी लोकप्रिय हैं।

तीन देशों के दौरे पर हैं पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों के दौरे पर हैं। इंडोनेशिया उनकी यात्रा का पहला पड़ाव है, जहां राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका स्वागत किया। इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, तकनीक, निवेश और अन्य द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा हुई। इंडोनेशिया के बाद प्रधानमंत्री ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का भी दौरा करेंगे।

Check Also

देहरादून में आज युवा संवाद, 140 युवाओं के साथ भविष्य के उत्तराखंड पर मंथन करेंगे सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को प्रदेशभर के 140 चयनित युवाओं के साथ संवाद करेंगे। ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *