Sunday , June 21 2026

32 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती का रास्ता साफ, UP Police Exam की आंसर-की जारी

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 की सभी छह पालियों की आंसर-की जारी कर दी है। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर प्रश्न पत्र और उत्तर कुंजी का मिलान कर सकते हैं। यदि किसी प्रश्न या उत्तर को लेकर आपत्ति है, तो 23 जून की मध्यरात्रि तक ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी केवल आधिकारिक वेबसाइट https://uppbpb.gov.in पर उपलब्ध जानकारी पर ही भरोसा करें। उम्मीदवार अपने रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड से लॉगिन कर परीक्षा तिथि और पाली का चयन करके आंसर-की देख सकते हैं।

कॉन्स्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा 8, 9 और 10 जून को दो-दो पालियों में आयोजित की गई थी। इस तरह कुल छह पालियों में परीक्षा संपन्न हुई। अब सभी प्रश्न पत्र और उनकी उत्तर कुंजी पोर्टल पर अपलोड कर दी गई हैं।

बोर्ड ने अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा भी शुरू कर दी है। 20 जून से 23 जून तक उम्मीदवार संबंधित प्रश्न या उत्तर के खिलाफ आपत्ति दर्ज करा सकेंगे। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।

आपत्ति दर्ज करते समय अभ्यर्थियों को अपने दावे के समर्थन में ठोस साक्ष्य प्रस्तुत करना होगा। इसके लिए मान्य पाठ्यपुस्तक, आधिकारिक दस्तावेज या अन्य प्रमाणिक स्रोत अपलोड करना अनिवार्य होगा। बिना प्रमाण वाली आपत्तियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बोर्ड के अनुसार, सभी आपत्तियों की जांच विशेषज्ञों की समिति करेगी। यदि किसी प्रश्न या उत्तर में त्रुटि पाई जाती है, तो संशोधित आंसर-की जारी की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अभ्यर्थियों के अंक भी संशोधित किए जा सकते हैं।

गौरतलब है कि योगी सरकार ने 31 दिसंबर को 32,679 पदों पर सीधी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया था। इन पदों में सिविल पुलिस, PAC, विशेष सुरक्षा बल (SSF), महिला बटालियन, घुड़सवार पुलिस और जेल वार्डर शामिल हैं। भर्ती परीक्षा के लिए प्रदेश के सभी 75 जिलों में 1183 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।

Check Also

चढ़ावा चोरी केस में कार्रवाई की तैयारी: चंपत राय और ट्रस्टी अनिल पर फैसला जल्द

अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही SIT की पड़ताल में ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *