Wednesday , August 5 2026

चढ़ावा चोरी केस में कार्रवाई की तैयारी: चंपत राय और ट्रस्टी अनिल पर फैसला जल्द

अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही SIT की पड़ताल में अब तक 150 संदिग्धों के नाम सामने आए हैं। सूत्रों के मुताबिक इनमें से करीब 25 लोगों पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। जांच टीम जिन लोगों से पूछताछ कर चुकी है, उन्हें अगले आदेश तक अयोध्या छोड़कर बाहर न जाने की हिदायत दी गई है।

शनिवार को जांच के छठे दिन SIT राम मंदिर पहुंची। टीम आज अपनी जांच पूरी कर लखनऊ लौट सकती है। माना जा रहा है कि सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। दोनों को उनके पदों से हटाया जा सकता है। वहीं, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव पर भी गाज गिर सकती है।

शुक्रवार को SIT ने मंदिर परिसर में करीब छह घंटे तक जांच की। इस दौरान चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा और गोपाल राव से अलग-अलग पूछताछ की गई। टीम ने SBI के शाखा प्रबंधक और कैशियर से भी सवाल-जवाब किए।

जांच एजेंसी गोपाल राव के भतीजे और राम मंदिर कर्मचारी सोमेश आनंद से भी पूछताछ करना चाहती थी, लेकिन वह उपलब्ध नहीं हो सके। सूत्रों के अनुसार उनका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ आ रहा है।

चढ़ावा चोरी मामले में गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों लवकुश, अवनीश, अनुकल्प, करुणे और रामशंकर उर्फ टिन्नू की निशानदेही पर अब तक करीब 2 करोड़ रुपये की बरामदगी की जा चुकी है। 13 जून को टिन्नू के घर से सोना भी बरामद हुआ था, हालांकि उसकी मात्रा को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गौरतलब है कि सपा सरकार में मंत्री रहे पवन पांडेय ने 7 जून को दावा किया था कि राम मंदिर से 5 से 7.5 करोड़ रुपये तक का चढ़ावा चोरी हुआ है। इसके बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी मामले की न्यायिक जांच की मांग की थी। वहीं, ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि अब तक चोरी की पुष्टि करने वाला कोई तथ्य सामने नहीं आया है।

विवाद बढ़ने के बाद भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर CBI जांच की मांग की थी। इसके अगले दिन प्रधानमंत्री कार्यालय ने राम मंदिर ट्रस्ट से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब कर ली थी।

Check Also

RSS की कसौटी पर खरे उतरने वालों को मिलेगा मौका, टिकट से पहले तीन स्तर पर होगी परीक्षा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा में टिकट वितरण की प्रक्रिया ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *