Friday , September 18 2026

7 साल के मासूम की मौत पर नया खुलासा, मां ने कराई थी बॉयफ्रेंड से दोस्ती; CCTV बना अहम सबूत

मेरठ के रामराज क्षेत्र में 7 वर्षीय अंगदवीर की हत्या के मामले में उसकी मां गुरप्रीत भी पुलिस जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस को एक CCTV फुटेज मिला है, जिसमें 15 जून को अंगदवीर, उसकी मां गुरप्रीत और आरोपी अर्पित शर्मा एक साथ बेकरी में दिखाई दे रहे हैं। जांच में सामने आया है कि गुरप्रीत ने ही बेटे की आरोपी से मुलाकात कराई थी।

पुलिस के अनुसार, अगले दिन 16 जून को आरोपी अर्पित अंगदवीर को घूमाने के बहाने कार में बैठाकर ले गया और उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को हस्तिनापुर के जंगल में फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गुरप्रीत से भी पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि गुरप्रीत और अर्पित के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी, जो बाद में रिश्ते में बदल गई। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या की साजिश में गुरप्रीत की कोई भूमिका थी या नहीं।

जांच में सामने आया है कि घटना वाले दिन घर पर केवल मां और बेटा मौजूद थे। दादी के घर से निकलने के कुछ देर बाद अंगदवीर बाहर खेलने गया, जहां आरोपी अर्पित कार लेकर पहुंचा और उसे अपने साथ ले गया। इस पूरी घटना के कुछ अहम दृश्य CCTV में कैद हुए हैं।

हत्या के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और फिर पत्नी के साथ एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हो गया। हालांकि, सर्विलांस और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंच गई। पूछताछ में आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह किया, लेकिन बाद में उसने हत्या की बात कबूल कर ली।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हस्तिनापुर के भद्रकाली जंगल से बच्चे का शव बरामद किया। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बच्चे को नशीला पदार्थ देने की कोशिश की थी। इसके बाद जंगल में ले जाकर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

उधर, अंगदवीर के पिता गुरुसेवक, जो दुबई में काम करते हैं, गुरुवार को मेरठ पहुंच रहे हैं। बेटे का अंतिम संस्कार उनके आने के बाद किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं पर पड़ताल कर रही है।

Check Also

अयोध्या राममंदिर: देव शिल्पी विश्वकर्मा की हुई पूजा, मंदिर परिसर में दिखा भक्तिमय माहौल

श्रीराम जन्मभूमि परिसर में देव शिल्पी भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर विशेष पूजन-अनुष्ठान ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *