Friday , September 18 2026

चढ़ावा चोरी मामले में एक्शन मोड में प्रशासन: योगी कल अयोध्या में, चंपत राय को आने से रोका

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी विवाद के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या पहुंचेंगे। वह रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे, लेकिन मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय उनके कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन द्वारा जारी प्रोटोकॉल लेटर में चंपत राय से अपने स्थान पर किसी अन्य प्रतिनिधि को नामित करने को कहा गया है।

सूत्रों का दावा है कि प्रोटोकॉल के एक बिंदु में स्पष्ट रूप से निर्देश दिया गया है कि मुख्यमंत्री के राम मंदिर कार्यक्रम के लिए चंपत राय किसी अन्य व्यक्ति को अधिकृत करें और इसकी जानकारी ड्यूटी मजिस्ट्रेट को दें। राम मंदिर से जुड़े सभी प्रमुख कार्यक्रमों में अब तक चंपत राय की मौजूदगी रहती रही है।

इधर, चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) लगातार चौथे दिन भी राम मंदिर पहुंची। टीम ने मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र से चढ़ावा राशि की गिनती और संबंधित कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर पूछताछ की। सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम राम जन्मभूमि चौकी प्रभारी और लंबे समय से मंदिर प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े RMO अर्जुन सिंह से भी पूछताछ कर सकती है।

मामले के राजनीतिक आयाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अयोध्या पहुंचे और उन्होंने मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए मंदिर ट्रस्ट के कुछ पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए। वहीं भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर मामले को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है।

सूत्रों के अनुसार, वित्तीय पारदर्शिता बढ़ाने के लिए राम मंदिर में काशी विश्वनाथ धाम की तर्ज पर एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी को CEO नियुक्त करने पर भी विचार किया जा रहा है। इस संबंध में सरकार और ट्रस्ट के बीच मंथन जारी है।

चढ़ावा चोरी मामले में अब तक पांच लोगों के नाम सामने आए हैं। जांच एजेंसियों ने उनकी निशानदेही पर करीब 2 करोड़ रुपये की बरामदगी का दावा किया है। सभी आरोपी दान राशि की गिनती और प्रबंधन से जुड़े कार्यों में शामिल बताए जा रहे हैं।

विवाद बढ़ने के बाद मामले की जांच, पारदर्शिता और मंदिर प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर राजनीतिक और धार्मिक संगठनों की ओर से लगातार बयानबाजी जारी है। वहीं, हाईकोर्ट में दायर जनहित याचिका पर सुनवाई अब अगले सप्ताह होने की संभावना है।

Check Also

अलीगढ़: सांसद सतीश गौतम को एमपी-एमएलए कोर्ट का समन, जानें किस मामले में हुई तलब

अलीगढ़ की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने सांसद सतीश गौतम को व्यक्तिगत रूप से अदालत में ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *