Monday , August 3 2026

पेरिस में मोदी का जोरदार स्वागत, G7 मंच पर भारत-अमेरिका संबंधों पर ट्रम्प का बड़ा बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार देर रात (भारतीय समयानुसार) पेरिस पहुंचे, जहां होटल के बाहर भारतीय समुदाय के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने लोगों से मुलाकात की, हाथ मिलाया और बच्चों को स्नेह दिया।

प्रधानमंत्री गुरुवार को यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी सम्मेलन ‘Vivatech 2026’ में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भी मौजूद रहेंगे। सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, साइबर सुरक्षा, रोबोटिक्स और उभरती तकनीकों पर चर्चा होगी। भारत का ‘इंडिया पैवेलियन’ भी यहां आकर्षण का केंद्र रहेगा।

इससे पहले पीएम मोदी ने फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित 52वें G7 शिखर सम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ 18 मिनट की द्विपक्षीय वार्ता हुई। बातचीत के दौरान ट्रम्प ने भारत-अमेरिका संबंधों की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत पर किसी भी तरह का हमला होने पर अमेरिका उसके साथ खड़ा रहेगा।

G7 सम्मेलन में ट्रम्प ने पीएम मोदी को मजबूत और प्रभावशाली नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर बड़ी भूमिका निभा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने होर्मुज स्ट्रेट में भारतीय नाविकों की मौत और समुद्री सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

G7 समिट के दौरान पीएम मोदी ने अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन, जर्मनी, यूक्रेन, कनाडा और संयुक्त अरब अमीरात समेत कई देशों के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर व्यापार, निवेश, ऊर्जा, तकनीक और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

प्रधानमंत्री मोदी की छह दिवसीय फ्रांस और स्लोवाकिया यात्रा का गुरुवार को समापन होगा। इससे पहले स्लोवाकिया दौरे के दौरान उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस’ से सम्मानित किया गया था।

Check Also

लक्ष्मी योजना को लेकर दिल्ली में बढ़ी राजनीतिक तकरार, 1.47 लाख से अधिक पंजीकरण के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज

दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना को शुरुआत से ही महिलाओं का अच्छा समर्थन मिल रहा ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *