दौसा जिले के लालसोट क्षेत्र में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पुलिस की बोलेरो को टक्कर मार दी। हादसे में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से लालसोट जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटों के चलते जयपुर रेफर किया गया है।
हादसा दौसा-कोथून नेशनल हाईवे पर बड़का पाड़ा और लाखनपुर गांव के बीच रात करीब 3 बजे हुआ। उस समय झांपदा थाना पुलिस रात्रि गश्त पर थी।
आरपीएस कैलाश मीणा के अनुसार, पुलिस की बोलेरो हाईवे पर गश्त कर रही थी, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस की बोलेरो और ट्रेलर दोनों सड़क से करीब 20 फीट नीचे खाई में पलट गए। हादसे में हेड कांस्टेबल लखन, संजय और बोलेरो चालक बाबूलाल घायल हो गए। लखन और संजय को सिर में गंभीर चोटें आने के कारण जयपुर रेफर किया गया, जबकि बाबूलाल का इलाज लालसोट अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को खाई से बाहर निकलवाया। ट्रेलर चालक और परिचालक को भी मामूली चोटें आई हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में कराया गया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi