Thursday , June 18 2026

गिल-ईशान के शतक, श्रेयस का नया कीर्तिमान; वनडे में दिखा रिकॉर्डों का तूफान

भारत ने दूसरे वनडे में अफगानिस्तान को 170 रन से हराकर सीरीज में शानदार जीत दर्ज की। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम 402 रन बनाकर ऑलआउट हुई। वनडे क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार है, जब कोई टीम 400 से ज्यादा रन बनाने के बावजूद अपने सभी विकेट गंवा बैठी।

भारतीय बल्लेबाजी में शुभमन गिल ने 154 और ईशान किशन ने 125 रन की शानदार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने एक ही ओवर में अपने-अपने शतक पूरे कर नया रिकॉर्ड बनाया। वनडे इतिहास में पहली बार दो भारतीय बल्लेबाजों ने एक ही पारी में 80 से कम गेंदों पर शतक जड़ा।

श्रेयस अय्यर ने भी मुकाबले में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। उन्होंने वनडे क्रिकेट में 3 हजार रन पूरे करते हुए विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया और सबसे कम पारियों में यह आंकड़ा छूने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए। इस सूची में शुभमन गिल पहले स्थान पर हैं।

भारत ने वनडे क्रिकेट में आठवीं बार 400 या उससे अधिक का स्कोर बनाया और इस मामले में दक्षिण अफ्रीका की बराबरी कर ली। वहीं गिल ने 108 गेंदों में 150 रन पूरे कर भारत के लिए वनडे में तीसरा सबसे तेज 150+ स्कोर बनाया।

गिल और ईशान किशन ने तीसरे विकेट के लिए 224 रन की साझेदारी की, जो अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे में दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। यह भारत की ओर से वनडे में दूसरी सबसे तेज 200+ रन की साझेदारी भी रही।

अफगानिस्तान के लिए यह वनडे इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी हार रही। वहीं रहमानुल्लाह गुरबाज 54 पारियों में 2 हजार वनडे रन पूरे करने वाले सबसे तेज अफगानी बल्लेबाज बने।

मैच के दौरान कई यादगार पल भी देखने को मिले। उमस भरे मौसम में शुभमन गिल गले में आइस पैक पहनकर बल्लेबाजी करते नजर आए। वहीं डेब्यू कर रहे प्रिंस यादव का पहला वनडे विकेट नो-बॉल के कारण छिन गया, हालांकि बाद में उन्होंने दो विकेट हासिल किए। अफगानिस्तान के बल्लेबाज दरविश रसूली चोटिल होने के कारण स्ट्रेचर पर मैदान से बाहर ले जाए गए।

रिकॉर्ड्स और यादगार पलों से भरे इस मुकाबले में भारतीय टीम ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करते हुए अफगानिस्तान पर बड़ी जीत दर्ज की।

Check Also

आशीष नेहरा क्रिकेट एकेडमी को स्टेडियम ए हमीरपुर ने फाइनल मैच में हराया

पंडित दीन दयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर जिला स्तरीय जूनियर (अन्डर-19) वर्ग की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *