Monday , April 13 2026

लखीमपुर में योगी ने कहा- एक भी मियां नहीं, लेकिन नाम मियांपुर

लखीमपुर में सीएम योगी ने मोहम्मदी विधानसभा के मियांपुर गांव का नाम बदलने का ऐलान किया। मियांपुर का नाम अब रविंद्रनगर होगा।

योगी ने कहा-
‘कांग्रेस का पाप देखो,आपकी पहचान छिपाने के लिए गांव का नाम मियांपुर रख दिया। आप सोचो एक भी मियां नहीं, लेकिन नाम मियांपुर। अब यह मियांपुर नहीं रहेगा। अब बांग्लादेश से आए इन बंधुओं की बस्ती का नाम रविंद्रनगर होगा। भारत को राष्ट्रगान देने वाले गुरुदेव रविंद्रनाथ ठाकुर के नाम पर आपकी अब पहचान होगी।’

योगी शनिवार को लखीमपुर में दो कार्यक्रमों में पहुंचे थे। मियांपुर गांव में 331 बांग्लादेशी हिंदू परिवारों को उनकी जमीन का मालिकाना हक देने के लिए भूमि अधिकार पत्र बांटे।

इसके पहले उन्होंने पलिया में थारू जनजाति के 4356 परिवारों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के 2350 आश्रित परिवारों को जमीन का अधिकार पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री ने 1311 करोड़ की 538 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास भी किया। इनमें 356 करोड़ की 345 परियोजनाओं का लोकार्पण और 955 करोड़ की 193 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मियांपुर होगा रविंद्रनगर, गुरुदेव के नाम से होगी आपकी पहचान

योगी ने कहा- आप देखो पाप किस हद तक बोलता है? जिस बांग्लादेश ने इन्हें ठुकराया, जिस पाकिस्तान के पाप के कारण इन पर अत्याचार हुआ था। बांग्लादेश से विस्थापित होकर आए, इनकी पैतृक संपत्ति पर वहां के दरिंदों ने कब्जा किया। और कांग्रेस का पाप देखा? आपका अधिकार तो लिया और आपसे वोट लेते रहे, लेकिन कभी आपको मालिकाना अधिकार नहीं दिया। आपकी पहचान छिपाने के लिए गांव का नाम मियांपुर रख दिया।

आप सोचो एक भी मियां नहीं, लेकिन नाम मियांपुर। अब यह मियांपुर नहीं रहेगा। अब बांग्लादेश से आए इन बंधुओं की बस्ती का नाम रविंद्रनगर होगा। भारत को राष्ट्रगान देने वालने गुरुदेव रविंद्रनाथ ठाकुर के नाम पर अब आपकी पहचान होगी। बंगाल की भूमि तो भारत की आध्यात्मिक और विरासत की भूमि है। भारत का राष्ट्रगान गुरुदेव रविंद्रनाथ ठाकुर जी ने दिया और भारत का राष्ट्रगीत भी बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने दिया।

फिर किसी ने माफिया बनने की सोची तो मिट्‌टी में मिला देंगे

योगी एक बार फिर से माफिया के खिलाफ अपने नारे को बुलंद किया। कहा- पहले लखीमपुर का नाम लक्ष्मीपुर हुआ करता था। यह जिला अपने प्राकृतिक सौंदर्य और प्राकृतिक संसाधनों के लिए मशहूर था। लेकिन, पिछली सरकार की माफियागीरी ने इससे इसकी पहचान छीन ली।

सपा सरकार रोजगार तो नहीं दे पाई, लेकिन हर जिले में एक माफिया पैदा कर दिया था। यही इनकी पहचान थी। लेकिन, आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि नया उत्तर प्रदेश माफियामुक्त, गुंडामुक्त और दंगामुक्त है।

जितने माफिया थे, उन्हें मिट्‌टी में मिला दिया गया। जो बचे-खुचे समझदार हैं, वे माफियागीरी छोड़ चुके हैं। अब अगर पूरे प्रदेश में किसी ने भी माफिया बनने की सोची, तो उसे भी मिट्टी में मिला देंगे।

Check Also

कुशीनगर में एसिड अटैक: युवती की तड़प-तड़पकर मौत; मां की हालत नाजुक

मां-बेटी के चीखने की आवाज सुनकर परिवार वाले भागते हुए कमरे में पहुंचे। वहां देखा तो दोनों दर्द से तड़प रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *