Monday , March 30 2026

युवक का गला काट सिर धड़ से अलग किया और सिर घर लेकर चला गया

बाराबंकी में एक युवक की शनिवार को बांके से गला काटकर हत्या कर दी गई। हमलावर ने पहले सिर को धड़ को अलग किया। फिर सिर लेकर वह अपने घर चला गया। घर में चूल्हा जलाया और सिर को जलाने के लिए उस पर रख दिया। दबिश देने पहुंचे पुलिसकर्मियों ने यह देखा तो दंग रह गए।

आरोपी को गिरफ्तार करके सिर को कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर धड़ भी बरामद किया। घटना टिकैतनगर थाना क्षेत्र में दोपहर करीब 12 बजे हुई। दिनदहाड़े हुई हत्या की सूचना पर एसपी अर्पित विजयवर्गीय भी मौके पर पहुंचे।

पारा बेहटा गांव का रहने वाला बबलू (21) चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वह आइसक्रीम बेचने का काम करता था। घर में उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। अभी 3 दिन पहले ही उसने बर्फ बेचने का काम शुरू किया था। शनिवार को बबलू रोज की तरह बर्फ बेचने निकला था।

परसवाल गांव के पास शंकर यादव (50) से उसका झगड़ा हो गया। मामूली कहासुनी में शंकर इस कदर आगबबूला हुआ कि वह दौड़कर घर के अंदर गया और बांका ले आया। इसके बाद शंकर ने बांका से बबलू पर हमला कर दिया और सरेआम उसकी गर्दन धड़ से अलग कर दी।

आसपास के लोग बचाने की हिम्मत नहीं कर सके

हत्या करने के बाद शंकर भागने के बजाय बबलू का कटा हुआ सिर उठाकर अपने घर चला गया। आसपास के लोगों की हिम्मत नहीं हुई कि उसे रोक सकें। इसी बीच किसी ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी।

पुलिस ने गांव की घेराबंदी कर पकड़ा

पुलिस टीम शंकर के घर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया। शंकर घर अंदर आराम से चूल्हा जलाकर उसमें सिर रखकर उसे जलाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने तुरंत शंकर को दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से सिर और फरसा भी बरामद किया।

झोपड़ी बनाकर अकेले रहता था

गांव के लोगों ने बताया कि शंकर सनकी किस्म का आदमी था। गांव में किसी से ज्यादा बात नहीं होती थी। गांव के बाहर एक झोपड़ी बनाकर अकेले रहता था। घर वाले भी इससे मतलब नहीं रखते थे। गांव में अगर कोई कुछ बात करता तो वह हमेशा लड़ने के लिए तैयार रहता था।

पिता बोले- बर्फ का रुपये मांगने पर मार डाला

युवक के पिता प्रनवासी राजभर ने बताया कि हमारा बच्चा दो दिन से बर्फ बेच रहा था और यहां परसावल में चला आया बर्फ बेचने। एक शंकर यादव नाम का आदमी है। उसने बर्फ मांगी तो हमारा बच्चा रोड के किनारे पर रुक गया। उसने शंकर को बर्फ दी उसके बाद रुपये मांगा। शंकर बोला रुक अभी देता हूं पैसा। दौड़कर अपनी झोपड़ी में गया और बांका निकाल लाया।

हमारा लड़का साइकिल पर खड़ा हुआ था, एक पैर नीचे, एक ऊपर था। उसने बांके से ऐसे मारा कि सिर अलग और धड़ अलग पड़ा था। हमारा पहले से कोई विवाद नहीं था। हमारा घर बेहटा गांव में है। हमारा घर बहुत दूर पर है। पिता ने बताया कि इस बार पहली बार बर्फ बेच रहा था। पहले सूरत में काम कर रहा था। पैसा नहीं था और कोई मजदूरी भी नहीं मिल रही थी। तो उसने पूछा कि पापा हम क्या करें? तो हमने ही कहा था कि दो-चार पैसा कमा लो बर्फ बेच लो, बाकी ज्यादा दूर नहीं जाना।

लकड़ी में रखकर बेटे का सिर भूज दिया

ये परसावल आ गया बेचने। यह हमारे गांव से 12-13 किमी दूर होगा। गांव के प्रधान कैलाश ने हमे मामले की जानकारी दी है। जब हम आए तो मेरा बेटा साइकिल के नीचे दबा पड़ा था और उसका सिर नहीं था। सिर काट के लेके गया अपने घर में रख दिया उसको, लकड़ी के आग पर उसको भूंज दिया, जिससे पहचान में आए।

पिता ने कहा कि ऐसा कार्रवाई करिए कि हमारे बच्चे से ज्यादा उसको सजा मिलना चाहिए। हमारे चार बेटे थे, यही बस काम करता था बाकी कोई कमाने वाला नहीं है। हमारे खेतीबाड़ी नहीं है वही घर का खर्चा चलाता था। बेटे के भी दो बच्चे हैं। एक 2 साल की बेटी और एक साल भर का बच्चा।

मौसी बोलीं- पहली बार इस गांव में आया था

गौरा थाना दरियाबाद की रहने वाली सीता ने बताया की जो युवक मारा गया है वह मेरे बहन का लड़का है। वह घर से सुबह साइकिल से बर्फ बेचने के लिए पहली बार इस गांव आया था। यह घटना क्यों हुई हमे इसकी जानकारी नहीं है। गांव के लोगों के द्वारा हमें जानकारी मिली है तब हम लोग यहां आए ।

बबलू की मौत के बाद उसके दो मासूम बच्चों और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सनक और आपसी झगड़े का लग रहा है। इतनी क्रूरता के पीछे की असली वजह जानने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

Check Also

जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन : नोएडा में मोदी बोले- युद्ध के संकट से देश को एकजुट होकर लड़ना है

मोदी ने शनिवार को यूपी के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *