Tuesday , November 3 2026
Breaking News

UP Petrol-Diesel Crisis: प्रदेश में पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें, मारामारी

यूपी के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल के लिए पंपों पर लाइनें लगी हैं। कुछ जिलों के कई पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया है। लखनऊ के भी 4 पेट्रोल पंप वीरान पड़े हैं। पेट्रोल नहीं होने की वजह से लोगों को लौटना पड़ रहा है।

देवरिया, सुल्तानपुर और गोंडा समेत कई जिलों के पेट्रोल पंपों पर गुरुवार को भी भीड़ उमड़ी है। लोग बड़े-बड़े डिब्बे लेकर पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंच गए। कई जगह लंबी लाइनें लग गईं। लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा। गोरखपुर में दोपहर 12 बजे एक युवक बाइक पर एक और टंकी लादकर तेल लेने पहुंचा। कहा- दोनों टंकियां फुल कर दीजिए।

श्रावस्ती में डिब्बों में पेट्रोल-डीजल भरने पर रोक लगा दी गई। इससे भड़के किसानों ने दोपहर 2 बजे नेशनल हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाया। देवरिया में सुबह एक युवक ट्रॉली में 7 भगोने लादकर पेट्रोल पंप पर पहुंचा और तेल भरवाकर ले गया।

इधर, नायरा पेट्रोलियम ने प्रदेश में पेट्रोल 5.30 और डीजल 3 रुपए प्रति लीटर महंगा कर दिया। इसके बाद लखनऊ में नायरा के पंपों पर पेट्रोल ₹100.15 और डीजल ₹91.05 प्रति लीटर मिल रहा। पहले पेट्रोल ₹94.84 और डीजल ₹88.05 प्रति लीटर मिलता था।

तेल कंपनियों के कॉर्डिनेटर संजय भंडारी ने बताया कि हमारे पास 22 दिन का स्टॉक है। इसलिए अफवाहों पर ध्यान न दें। घबराकर ज्यादा तेल खरीदने या जमा करने की जरूरत नहीं है।

अखिलेश बोले- बीजेपी ने लोगों को कतारों में खड़ा कर दिया

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर तंज कसा। कहा कि नया महीना आ रहा है। भाजपा शासन में लोगों को लाइन के अलावा क्या मिला? वहीं, गोरखपुर में सीएम योगी ने लोगों से अपील की- पंप पर लाइन न लगाएं। जब जरूरत हो, तभी डीजल और पेट्रोल लेने जाएं। अगर लाइन लगाएंगे तो हमारी राष्ट्रभक्ति पर लोग संदेह करेंगे।

प्रदेश में करीब 13,168 पेट्रोल पंप चल रहे हैं। पंप मालिकों का कहना है कि अचानक 3 से 4 गुना तक भीड़ बढ़ गई है। उन्हें समझ में भी नहीं आया कि आखिर अचानक भीड़ क्यों बढ़ गई, जबकि तेल पर्याप्त है।

Check Also

दिवाली पर अयोध्या जाने से पहले जान लें ये जरूरी बातें: होटल का किराया, यात्रा का खर्च और रामलला के दर्शन की पूरी तैयारी

दिवाली के मौके पर भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या में रामलला के दर्शन करने की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *