Saturday , September 19 2026

मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा बाइक रैली का शुभारम्भ किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर तिरंगा यात्रा बाइक रैली का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज से आगामी 15 अगस्त, स्वाधीनता दिवस तक हर घर में तिरंगा लहराने के इस कार्यक्रम के साथ समस्त प्रदेशवासी जुड़ें और राष्ट्रीयता, राष्ट्र प्रथम के भाव और पंचप्रण के संकल्पों के साथ आगे बढ़ें। इस विश्वास के साथ ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के लिए उन्होंने शुभेच्छा व्यक्त करते हुए लोगों को 78वें ‘स्वाधीनता दिवस’ की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हम लोगों ने 02 वर्ष पहले देश की ‘आजादी के अमृत महोत्सव’ के आयोजन के साथ जुड़कर पंचप्रण का संकल्प लिया था। आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के माध्यम से भारत की आन-बान और शान के प्रतीक तिरंगा को हर घर पर लहराने का कार्य किया था। वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश में 05 करोड़ से अधिक घरों पर तिरंगा लहराने का कीर्तिमान स्थापित किया गया था। गत वर्ष भी आजादी के अमृत काल के प्रथम वर्ष में उत्तर प्रदेश में लगभग 4.5 करोड़ घरों पर तिरंगा लहराने का कार्य हुआ था। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर इस वर्ष भी प्रदेश सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत 4.5 करोड़ घरों तक तिरंगा पहुंचाने के वृहद संकल्प को हाथ में लिया है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। भारत का दुनिया की तीसरी बड़ी शक्ति बनने का मतलब है कि 140 करोड़ भारतवासियों के चेहरे पर खुशहाली आना। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उन चेहरों की खुशहाली के लिए 140 करोड़ भारतवासियों को भारत की समृद्धि के लिए एकजुट होकर इस अभियान का हिस्सा बनना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के संकल्प के साथ जुड़ते हुए प्रदेशवासी भारत की आन-बान और शान के इस राष्ट्रीय प्रतीक तिरंगा को हर घर तक पहुंचाने के संकल्प में सहभागी बन रहे हैं। उत्तर प्रदेश में तिरंगा यात्रा के प्रति छात्र, व्यवसायी सहित विभिन्न वर्गों के सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों द्वारा जो उत्साह दिखाया जा रहा है, यह नए भारत का दर्शन कराता है। तिरंगा ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का भी प्रतीक है और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के इस भाव को अंगीकार करते हुए आज हम सभी इस तिरंगा यात्रा में शामिल हो रहे हैं।

Check Also

यूपी में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक, टोल राजस्व को लगा बड़ा झटका

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर फिलहाल भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध जारी रहेगा। आईआईटी खड़गपुर की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *