लखनऊ। (Ram Mandir Darshan) राजधानी लखनऊ से अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के लिए योगी कैबिनेट के मंत्री और एनडीए विधायक लग्जरी बसों से रविवार की सुबह अयोध्या के लिए रवाना हुए। विधानसभा के सामने से यह बसें निकलीं। बस में आरएलडी के विधायक भी साथ गए। राजा भैया और आराधना मिश्रा आदि भी साथ में रवाना हुए। दोनों डिप्टी सीएम और विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बस संख्या- 1 से रवाना हुए। दोपहर साढ़े 12 बजे विधायकों का यह दल राम मंदिर पहुंचा। यहाँ सभी ने रामलला के दर्शन कर प्रभु श्री राम से आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में विजय की कामना की। (Ram Mandir Darshan)
प्रदेश सरकार के मंत्रियों व विधायकों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रविवार को रामलला के दर्शन किये। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मौजूद रहे। सीएम योगी राजकीय विमान से अयोध्या पहुंचे। मंत्री व विधायक लखनऊ से 10 लग्जरी बसों से यहां पहुंचे। सभी अतिथि हनुमानगढ़ी भी गए। प्रयागराज से लौट रहे श्रद्धालुओं की भीड़ की मौजूदगी में वीवीआईपी मूवमेंट प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती साबित हुआ है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार सीएम योगी दोपहर 12 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजकीय विमान से पहुंचे। यहां से सड़क मार्ग से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। सीएम के आने से पहले सुबह 11:30 बजे विधानसभा अध्यक्ष समेत सभी मंत्री व विधायक हनुमानगढ़ी पहुंच गए थे। यहां एक घंटे की अवधि में सभी को दर्शन कराया गया।
दोपहर 12:30 बजे मंत्री व विधायकों का दल रामजन्मभूमि पहुंचा। इसके बाद दोपहर 3:15 बजे तक सभी जन्मभूमि परिसर में ही रहे। सीएम भी एयरपोर्ट से सीधे हनुमानगढ़ी पहुंचे। यहां से वह अपनी कैबिनेट के सहयोगियों व विधायकों के साथ राम मंदिर गए। रामलला के दर्शन के बाद सभी विशिष्ट मेहमानों को परिसर में ही लंच कराया गया। इसमें भी मुख्यमंत्री शामिल हुए। परिवहन निगम की ओर से दस सुपर लग्जरी पवन हंस बसों को तैयार कर लिया गया था। बसों का भौतिक निरीक्षण अफसरों ने किया है। बसों को फूलों से सजाया गया है। भगवान राम के ध्वज व स्टिकर लगाए गए। विधानसभा के सामने से रविवार सुबह 8.30 बजे बस विधायकों को लेकर अयोध्या रवाना हुई।
इसके पहले शनिवार को 10 सुपर लग्जरी पवन हंस बसों को क्षेत्रीय कार्यशाला में दुरुस्त किया गया। उनकी साफ सफाई की गई। बसों को गुलाब और गेंदे के साथ ही टेसू के फूलों से भी सजाया गया। जिन सीटों पर माननीय बैठेंगे उन सीटों के ऊपर भी खुशबू फैलाने के लिए फूल लगाए गए हैं। साफ सुथरे पर्दे लगाए गए हैं। नए कारपेट बिछाए गए हैं। बसों में भगवान राम के ध्वज और राम मंदिर के स्टीकर लगाए गए। इन पवन हंस बसों में भी रामधुन की व्यवस्था की गई है। सभी माननीय राम की नगरी अयोध्या जाते समय राम के भजनों का लुत्फ मिलेगा, जिससे भक्तिमय माहौल पैदा होगा। माननीयों को बस के अंदर परिवहन निगम की यात्रा दर्पण, एक डायरी और कैलेंडर का फोल्डर उपलब्ध कराया गया। पीने के लिए पानी भी साथ में रहा।
आरआई ने जांची बसें, दिया ग्रीन सिग्नल
आरटीओ कार्यालय में तैनात संभागीय प्राविधिक अधिकारी (आरआई) प्रशांत कुमार और विष्णु कुमार ने माननीयों को ले जाने वाली बसों का कार्यशाला में भौतिक निरीक्षण किया। लाइटिंग, इंडीकेटर, टायर, विंडस्क्रीन, एलाइनमेंट आदि चेक की। जहां कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल दुरुस्त करवाया। इसके बाद दोनों अफसरों ने ग्रीन सिग्नल दिया। कैबिनेट के अयोध्या पहुँचने पर उनके प्रशंसकों ने जय श्री राम के नारे लगाकर उनका स्वागत किया।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi