Wednesday , September 2 2026

मेरठ में थप्पड़ कांड को लेकर प्रदर्शन का ऐलान, आईपीएस अविनाश पांडेय के खिलाफ रवि गौतम ने खोला मोर्चा

मेरठ के कमिश्नरी पार्क में रविवार को बहुजन समाज की ओर से महापंचायत आयोजित की गई। ‘युवा शक्ति दल’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि गौतम के आह्वान पर हुई महापंचायत में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने 15 मई को अनुसूचित जाति की छात्रा के अपहरण और हत्या के मामले में न्याय की मांग के साथ पुलिस की कार्यशैली का भी विरोध किया।

थप्पड़ कांड को लेकर पुलिस पर लगाए आरोप

रवि गौतम ने आरोप लगाया कि आठ जुलाई को घटना के विरोध में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया था। इसी कार्रवाई के दौरान तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय पर बंदी वाहन में घुसकर उन्हें थप्पड़ मारने का आरोप लगाया गया था। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था।

महापंचायत में रवि गौतम ने कहा कि संवैधानिक अधिकारों का हनन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए।

तीन पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग

रवि गौतम ने तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय, एसपी देहात सौम्या अस्थाना और सौरभ शुक्ला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने जेल भेजे गए आठ लोगों, एफआईआर में नामजद 14 लोगों और नोटिस पाने वाले कार्यकर्ताओं पर दर्ज मामलों को रद्द करने की भी मांग रखी।

उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को अनशन और भूख हड़ताल में बदल दिया जाएगा और इसे अनिश्चितकाल तक जारी रखा जाएगा।

अविनाश पांडेय की बर्खास्तगी की मांग

महापंचायत में रवि गौतम ने तत्कालीन एसएसपी अविनाश पांडेय को बर्खास्त करने और उनकी संपत्ति की जांच कराने की मांग भी उठाई।

महापंचायत में शामिल होने आ रहे कुछ कार्यकर्ताओं को सीमाओं और चुंगी पर रोके जाने तथा हिरासत में लिए जाने का भी विरोध किया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

Check Also

मोदी से जिनपिंग-पुतिन की मुलाकात, पाकिस्तान हुआ मायूस; शहबाज शरीफ किसके पीछे भागते दिखे?

किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *