Sunday , September 6 2026
Breaking News

जितेंद्र मिश्र ने संभाला राम मंदिर का जिम्मा, प्रशासन से सुरक्षा तक पूरी व्यवस्था का लिया जायजा

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) जितेंद्र मिश्र ने राम मंदिर की व्यवस्थाओं को समझने और अपनी नई जिम्मेदारी की रूपरेखा तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। अयोध्या में दो दिन के प्रवास के दौरान उन्होंने राम मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं।

इन बैठकों में मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों, सुरक्षा, सेवा-पूजा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं समेत विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जितेंद्र मिश्र ने कार्यभार भी ग्रहण कर लिया है। अब अगले सप्ताह से वह पूरी तरह जिम्मेदारी संभालते हुए नई व्यवस्था के क्रियान्वयन में जुटेंगे।

नीति और निर्णय न्यास करेगा, क्रियान्वयन की जिम्मेदारी CEO की

ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देव गिरि के अनुसार, जितेंद्र मिश्र की व्यावहारिक जॉइनिंग मान ली गई है। उनके साथ लगातार बैठकें हुई हैं, जिनमें मंदिर की व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

गोविंद देव गिरि ने स्पष्ट किया कि मंदिर से जुड़ी नीति और निर्णय न्यास करेगा, जबकि उन निर्णयों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सीईओ की होगी। जितेंद्र मिश्र को मंदिर की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ यहां काम करने वाले कर्मचारियों, सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों और पूजा-पद्धति से जुड़े कार्यकर्ताओं से भी परिचित कराया गया है।

इस दौरान उन्हें उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई, ताकि आगे व्यवस्था संभालने में बेहतर समन्वय कायम किया जा सके।

महासचिव ने बताया कि जितेंद्र मिश्र धार्मिक विचारों वाले व्यक्ति हैं और गीता का अध्ययन भी करते हैं। ऐसे में मंदिर की धार्मिक व्यवस्था और प्रशासनिक प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय की उम्मीद है।

पहले व्यवस्था समझेंगे, फिर बनेगी नई टीम

सीईओ जितेंद्र मिश्र ने कहा कि फिलहाल उनका प्रयास पूरे सिस्टम को समझने का है। उन्होंने मंदिर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ बैठक में आगे की प्लानिंग पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि एक टीम गठित की जाएगी और उसके सहयोग से आगे की व्यवस्था को संचालित किया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वह ट्रस्ट की नीति के अनुसार ही काम करेंगे।

जितेंद्र मिश्र ने रामभक्तों से विश्वास और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील भी की।

अलग टीम में शामिल होंगे दक्ष अधिकारी-कर्मचारी

सीईओ के लिए अलग टीम गठित की जाएगी। इसमें मंदिर की मौजूदा व्यवस्था से परिचित अधिकारियों-कर्मचारियों के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में दक्ष लोगों को शामिल किया जा सकता है।

नई टीम के गठन के बाद मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था को और बेहतर तरीके से संचालित करने तथा ट्रस्ट की ओर से तय नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर रहेगा।

Check Also

11 साल में 13 बार मेट्रो की सवारी कर चुके हैं पीएम मोदी, 2023 के बाद फिर किया सफर

उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज होने वाली हैं। चुनाव में करीब ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *