Monday , April 13 2026

मिर्जापुर में सीनियर वकील की गोली मारकर हत्या; रास्ते में रोका और सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी

मिर्जापुर में शनिवार सुबह 7.15 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले सीनियर वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो हमलावर बाइक से आए। उन्हें रास्ते में रोका और सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी। खून से लथपथ वकील जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात CCTV में रिकॉर्ड हो गई।

वकील का नाम राजीव सिंह (45) है। उनकी पत्नी ग्राम प्रधान हैं। खुद भी 2 बार प्रधान रह चुके थे। वारदात के बाद भागते वक्त हमलावरों की बाइक बंद हो गई। लोग उन्हें पकड़ने दौड़े तो उन्होंने तमंचा तान दिया। डरकर लोग पीछे हट गए। घटना जिला मुख्यालय से 2 किलोमीटर दूर कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारु का पुरा मोहल्ले की है।

इस वारदात के करीब 15 घंटे बाद रात 10 बजे मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर को पुलिस ने पीएसी गेट के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने राजेंद्र के दाहिने पैर में गोली मारकर पकड़ा। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत अंजाम दिया। पुलिस अफसरों ने बताया कि दूसरे आरोपी की भी तलाश जारी है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मूलरूप से विंध्याचल थाना के देवरी गांव के रहने वाले राजीव सिंह उर्फ रिंकू कटरा कोतवाली में रहते थे। 2011 में यहां जमीन खरीदकर मकान बनवाया था। बच्चों की पढ़ाई की वजह से यहीं रहते थे। यहीं से कोर्ट आते-जाते थे। गांव में पत्नी प्रतिभा सिंह (40) प्रधान हैं। इस वजह से गांव भी आना जाना लगा रहता था। उनके 2 बेटे ओम (18) और सार्थक (12) हैं।

एसपी अपर्णा रजत ने बताया- राजीव सुबह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे, तभी बाइक सवार बदमाश गोली मारकर फरार हो गए। आसपास के लोग घायल वकील को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Check Also

कुशीनगर में एसिड अटैक: युवती की तड़प-तड़पकर मौत; मां की हालत नाजुक

मां-बेटी के चीखने की आवाज सुनकर परिवार वाले भागते हुए कमरे में पहुंचे। वहां देखा तो दोनों दर्द से तड़प रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *