Thursday , April 9 2026

मेरठ में सेंट्रल मार्केट दुकानों की सीलिंग: महिला फूट-फूटकर रोई; व्यापारी बोले- अफसरों की बेईमानी ने मार दिया

मेरठ की सेंट्रल मार्केट की सीलिंग को लेकर बुधवार को दूसरे दिन भी हंगामा हुआ। अफसर सीलिंग करने पहुंचे तो नाराज कारोबारी सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। इस दौरान एक कारोबारी तो बेहोश हो गए। साथी कारोबारी उन्हें टांगकर एम्बुलेंस तक ले गए। उनका जिला अस्पताल में इलाज किया गया। 2 घंटे बाद कारोबारी को घर भेज दिया जाएगा।

दुकानों को सील होता देखकर महिलाएं फूट-फूट कर रोने लगीं। एक कारोबारी ने कहा-सरकार ने हमें मार दिया। आवास विकास के अधिकारियों ने बेईमानी की। हमें गुमराह किया। 70 करोड़ रुपए वसूलने के बाद भी हमारे प्रतिष्ठानों को सील किया जा रहा ।

इधर, हंगामे की सूचना पर सपा नेता जीतू नागपाल पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस पर ADM सिटी ब्रजेश सिंह भड़क गए। कहा- राजनीति अपने घर जाकर करना। यहां बात करनी है, तो व्यापारियों की करो। राजनीति करोगे, तो जेल भेज दूंगा। इस पर सपा नेता ने कहा- हम भी व्यापारी हैं। व्यापारी हित की ही बात करने आए हैं।

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने शास्त्रीनगर की सेंट्रल मार्केट में 44 संपत्तियों को सील करने का आदेश दिया है। मंगलवार शाम कारोबारियों को लिखित रूप में आदेश मिला। बुधवार सुबह आवास विकास परिषद की 7 टीमों ने सुधा हॉस्पिटल से सीलिंग की कार्रवाई शुरू की। शाम तक सभी 44 दुकानें सील कर दी गईं।

Check Also

बरेली में घर टूटा तो महिलाएं फूट-फूटकर रोईं, बोलीं- खुदा इंसाफ जरूर करेगा

बरेली में मंगलवार को बुलडोजर से अवैध मकानों-दुकानों को ढहा दिया गया। इंटर कॉलेज, पेट्रोल ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *