Wednesday , April 8 2026

वृंदावन: सीएम योगी के पहुंचने पर DM और SP नंगे पांव दौड़े

सीएम योगी ने कहा-‘भारत के सनातन राजा राम हैं, और कोई नहीं। साल 1526 में संभल में हरिहर मंदिर को बाबर के अनुयायियों ने तोड़ा था। वहां 67 तीर्थ और 19 कूप थे। साल 1976 और 1978 में दंगे हुए, जिनमें सैकड़ों हिंदू मारे गए। बाद में सपा सरकार में मुकदमे वापस करा दिए गए। अब वहां सड़क बन रही है, धर्मशाला बन रही है। परिक्रमा भी शुरू हो रही है।’

मंगलवार को सीएम योगी मथुरा के वृंदावन में संत मलूकदास की 452वीं जयंती पर हुए कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले सीएम योगी ने मंच पर मौजूद संतों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

सीएम योगी आदित्यनाथ का हेलिकॉप्टर शाम करीब 4:15 वृंदावन के पवनहंस हेलीपैड पर उतरा। सीएम के पहुंचने की खबर मिलते ही डीएम और एसपी नंगे पांव दौड़ते हुए नजर आए।

सीएम योगी के आने से पहले मथुरा में तेज आंधी के साथ बारिश भी हुई। इससे उनके कार्यक्रम के टेंट उड़ गए। हालांकि, बाद में अफसरों ने उसे सही करा दिया। इससे पहले दोपहर में संत मलूकदास के जन्मोत्सव कार्यक्रम में RSS प्रमुख मोहन भागवत भी पहुंचे थे।

संत रामानंदाचार्य ने कई जातियों के महापुरुषों को संत बनाया

योगी ने कहा- संत रामानंदाचार्य ने अलग-अलग जातियों से जुड़े महापुरुषों को संत बनाया। संत रैदास और संत कबीर भी उनके ही शिष्य थे। उसी परंपरा की 22वीं पीढ़ी में जगद्गुरु मलूकदास जी महाराज का स्मरण किया जाता है।

यह हमारी परंपरा है, जिसने भारत के बारे में सोचा है। सिर्फ अपने पंथ या संप्रदाय के लिए नहीं, सनातन और राष्ट्र के लिए विचार किया है। जब संत एक मंच पर आते हैं और एक स्वर में बोलते हैं, तब 500 सालों का अयोध्या का कलंक मिटकर दूर होता है। यही एकता की ताकत है।

भारत के सनातन राजा राम हैं

भारत के सनातन राजा राम हैं और कोई नहीं। जो लोग कहते हैं कि तुलसीदास गरीब ब्राह्मण थे, उनसे बड़ा कौन हो सकता है? उन्होंने उस समय के सबसे बड़े बादशाह के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। कहा था कि वे किसी बादशाह को नहीं जानते। केवल एक ही बादशाह को जानते हैं, जो दुनिया के सबसे बड़े हैं- वे हैं राम।

Check Also

Muzaffarnagar news: वकील समीर सैफी हत्याकांड में 3 दोषियों को फांसी की सजा

मुजफ्फरनगर में चर्चित वकील समीर सैफी हत्याकांड में कोर्ट ने सोमवार को 3 दोषियों को ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *