Thursday , March 19 2026

यूपी में गोवंश काटने का आरोपी एनकाउंटर में ढेर,एक लाख का इनामी था; 2 सिपाही भी घायल

सहारनपुर में एक लाख का इनामी बदमाश शहजाद एनकाउंटर में ढेर हो गया। उसकी उम्र 40 साल थी। पुलिस का दावा है कि वह पेशेवर तरीके से गोवंश की हत्या करता था। मुठभेड़ में 2 सिपाही भी घायल हुए हैं।

यह मुठभेड़ मिर्जापुर थाना इलाके के शेरपुर गांव में बुधवार शाम करीब 3 बजे हुई। घायल सिपाहियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। डीआईजी अभिषेक सिंह सिपाहियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने एक सिपाही के कंधे पर हाथ रखकर उसे शाबाशी दी।

24 घंटे के अंदर शहजाद दूसरा बदमाश है, जो यूपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया है। मंगलवार को बरेली में सास और साले की हत्या करने वाले आरोपी दामाद अफसर उर्फ बौरा (40) को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर किया था।

पुलिस के अनुसार, शहजाद बुधवार दोपहर में गोकशी की घटना को अंजाम देने जा रहा था। मिर्जापुर और फतेहपुर थाने की पुलिस बेहट-विकासनगर रोड पर गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। इस पर उन्होंने बाइक की स्पीड बढ़ा दी।

पुलिस ने उनकी बाइक का पीछा किया और सरेंडर करने को कहा, लेकिन शहजाद ने खुद को चौतरफा घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाश भागते-भागते एक बाग में घुस गए, जहां उनकी बाइक फिसल गई। इससे दोनों गिर गए।

शहजाद ने फिर फायरिंग की। इससे दो सिपाही सोमेंद्र और कुलदीप घायल हो गए। दोनों के हाथ में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने पोजिशन लेते हुए शहजाद को जवाब दिया। गोली लगने से शहजाद घायल हो गया और वह गिर पड़ा। जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने शहजाद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहट पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उसकी मौत हो गई।

डीआईजी बोले- लंबे समय से शहजाद की तलाश थी

डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया- शहजाद एक शातिर और पेशेवर गोकश था। वह कई आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।

मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। शहजाद के खिलाफ सहारनपुर जिले के थानों में गोकशी-गैंगस्टर समेत 44 मुकदमे दर्ज हैं। वह सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव गंदेवडा का रहने वाला था।

पुलिस ने मौके से दो पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं। फरार बदमाश की तलाश में इलाके में कॉम्बिंग जारी है।

Check Also

बरेली में हत्यारोपी दामाद एनकाउंटर में ढेर, सास-साले को पंचायत में मार डाला था

बरेली में सास और साले की हत्या करने वाले आरोपी दामाद अफसर उर्फ बौरा (40) ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *