Friday , November 13 2026

10वीं-आईटीआई पास युवाओं के लिए रेलवे में नौकरी का मौका, आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू

रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे 10वीं और आईटीआई पास युवाओं के लिए अच्छा मौका है। रेलवे भर्ती सेल, उत्तर रेलवे (RRC NR) ने अप्रेंटिस के 4,651 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 11 नवंबर 2026 से 11 दिसंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती विज्ञापन संख्या RRC/NR/03/2026/Act Apprentice के तहत निकाली गई है।

इस भर्ती के तहत दिल्ली, लखनऊ, फिरोजपुर, मुरादाबाद, अंबाला और जम्मू क्लस्टर में नियुक्तियां की जाएंगी। कुल 4,651 पदों में सबसे अधिक 1,525 पद लखनऊ क्लस्टर के लिए निर्धारित किए गए हैं। वहीं, दिल्ली क्लस्टर में 1,312, अंबाला में 979, फिरोजपुर में 740, मुरादाबाद में 63 और जम्मू क्लस्टर में 32 पदों पर भर्ती होगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही संबंधित ट्रेड में NCVT या SCVT से मान्यता प्राप्त आईटीआई प्रमाणपत्र होना चाहिए। उम्मीदवारों का 10वीं और आईटीआई का परिणाम 6 नवंबर 2026 तक जारी हो चुका होना चाहिए। इसके बाद परिणाम प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी आवेदन के पात्र नहीं होंगे।

उम्मीदवारों को उसी क्लस्टर और इकाई के लिए आवेदन करना चाहिए, जहां उनके आईटीआई ट्रेड के पद उपलब्ध हैं। आवेदन से पहले भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना में ट्रेड और पदों से जुड़ी जानकारी जरूर जांच लें।

आवेदन के लिए आयु सीमा

आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु 11 दिसंबर 2026 को कम से कम 15 वर्ष और अधिकतम 24 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को पांच वर्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग को तीन वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट मिलेगी। पूर्व सैनिकों को भी नियमानुसार अतिरिक्त छूट दी जाएगी।

बिना लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के होगा चयन

इस भर्ती की खास बात यह है कि उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा या इंटरव्यू नहीं देना होगा। चयन 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची के जरिए किया जाएगा। दोनों परीक्षाओं के अंकों को बराबर महत्व दिया जाएगा और उनके औसत के आधार पर मेरिट तैयार होगी।

मेरिट सूची में जगह बनाने वाले उम्मीदवारों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद उन्हें मेडिकल प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत करना होगा। यदि दो उम्मीदवारों के अंक समान होते हैं तो अधिक उम्र वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी। उम्र भी समान होने की स्थिति में 10वीं की परीक्षा पहले पास करने वाले उम्मीदवार को वरीयता मिलेगी।

कितना देना होगा आवेदन शुल्क?

सामान्य श्रेणी और अन्य पात्र उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। नकद, चेक, डिमांड ड्राफ्ट या मनी ऑर्डर से भुगतान स्वीकार नहीं किया जाएगा। आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 11 दिसंबर 2026 है।

RRC NR अप्रेंटिस भर्ती के लिए कैसे करें आवेदन?

इच्छुक उम्मीदवार उत्तर रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट rrcnr.org पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सबसे पहले वेबसाइट पर भर्ती से संबंधित आवेदन लिंक खोलें और नाम, पिता का नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और जन्मतिथि जैसी जानकारी दर्ज करके पंजीकरण करें। इसके बाद प्राप्त लॉगिन विवरण की मदद से पोर्टल पर लॉगिन करें और आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां भरें।

आवेदन के दौरान उम्मीदवारों को अपनी फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठे का निशान और जरूरी शैक्षणिक प्रमाणपत्र अपलोड करने होंगे। इसके बाद लागू आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करके फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन पूरा होने के बाद फॉर्म का प्रिंट निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लें।

Check Also

मणिपुर बोर्ड की प्रैक्टिकल परीक्षाओं को लेकर बड़ा अपडेट, स्कूलों को इन तारीखों तक जमा करने होंगे अंक और दस्तावेज

4मणिपुर के उच्च माध्यमिक शिक्षा परिषद (COHSEM) ने कक्षा 11वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *