Friday , November 13 2026

अखिलेश यादव को राजभर की सलाह, बोले- शिवपाल यादव के आगे झुकना पड़ेगा, तभी बनेगी बात

उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी के भीतर चाचा-भतीजे के रिश्तों को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सैफई परिवार में फिर से विवाद शुरू होने का दावा किया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अपने सबसे छोटे चाचा के सामने रोज सुबह-शाम दंडवत प्रणाम करना चाहिए, तभी शायद उनका दिल पिघलेगा।

पूर्वांचल में सपा का यादव वोट खिसकने का दावा

ओमप्रकाश राजभर ने दावा किया कि पूर्वांचल में समाजवादी पार्टी का 18 फीसदी यादव वोट खिसक चुका है। उन्होंने सैफई परिवार में चल रहे कथित विवाद को लेकर कहा कि वहां एक बार फिर महाभारत जैसी स्थिति बन गई है। उनके मुताबिक, परिवार में भतीजावाद और चच्चावाद के बीच राजनीतिक खींचतान चल रही है।

चाचा के समर्थकों को लेकर किया दावा

राजभर ने सोशल मीडिया पर दिए बयान में दावा किया कि चाचा के समर्थक अखिलेश यादव के पुतले जला रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बाहुबली और धनबली लोगों से बातचीत कराने के लिए वीडियो कॉल के जरिये सीधे चाचा से संपर्क कराया जा रहा है। लोगों के बीच यह संदेश देने की कोशिश हो रही है कि भइया से बेहतर चाचा हैं।

विवाद नहीं थमा तो हर सीट पर उतारेंगे बागी उम्मीदवार

राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह राजधानी में बैठकर सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं, जबकि जिलों में उनके खिलाफ विरोध शुरू हो चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चाचा-भतीजे के बीच विवाद जारी रहा तो आगामी विधानसभा चुनाव में हर सीट पर बागी उम्मीदवार खड़े किए जाएंगे।

राजभर ने दावा किया कि इन उम्मीदवारों को फंडिंग भी की जाएगी और बड़े नेताओं से वीडियो कॉल के माध्यम से उनकी बातचीत कराई जाएगी। हालांकि, यादव वोट बैंक के खिसकने और पार्टी में बगावत को लेकर किए गए ये दावे राजभर के राजनीतिक बयान हैं।

Check Also

जेनी मामले में उत्तराखंड तक पहुंचेगी जांच: जीरो एफआईआर के बाद पुलिस फिर शुरू कर सकती है कार्रवाई

करीब 23 साल पुराने जेनी प्रकरण में एक बार फिर कानूनी कार्रवाई तेज होने की ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *