उत्तराखंड में कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान पखवाड़े की शुरुआत कर दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मंगलवार को श्रीनगर के गोला पार्क से अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और शहरों तक पहुंचकर आम जनता को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।
गणेश गोदियाल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड, भर्ती घोटालों, जमीनों की खरीद-फरोख्त और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में दोषियों को संरक्षण दिया जा रहा है।
राज्यपाल को सौंपे जाएंगे जुटाए गए हस्ताक्षर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस अभियान के तहत जनता से हस्ताक्षर जुटाए जाएंगे। बाद में इन हस्ताक्षरों को राज्यपाल को सौंपकर सरकार की कार्यशैली के खिलाफ लोगों की आवाज उन तक पहुंचाई जाएगी।
कार्यकर्ताओं ने बैनर पर किए हस्ताक्षर
अभियान की शुरुआत के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने अभियान से जुड़े बैनर पर हस्ताक्षर कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
कांग्रेस ने कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रदेश के गांवों और शहरों तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की अपील की है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi