Thursday , November 12 2026

यमुना किनारे विकसित होगा नया पर्यटन स्थल, क्रूज राइड, फूड कोर्ट और म्यूजिकल फाउंटेन से बढ़ेगी रौनक

दिल्लीवासियों को अब यमुना में क्रूज और नौका विहार का आनंद लेने के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को सोनिया विहार में ‘नमो यमुना रिवर क्रूज सेवा’ का शुभारंभ किया। इस पहल के साथ राजधानी में नदी आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने की शुरुआत हो गई है।

परियोजना के तहत सोनिया विहार से जगतपुर तक करीब चार किलोमीटर के क्षेत्र में क्रूज और फेरी सेवाएं विकसित की गई हैं। पूरी यात्रा के लिए प्रस्तावित टिकट शुल्क 500 रुपये रखा गया है, जबकि परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये देने होंगे।

30 यात्रियों की क्षमता वाला इलेक्ट्रिक क्रूज शुरू

फिलहाल 30 यात्रियों की क्षमता वाला एक इलेक्ट्रिक क्रूज संचालित किया गया है। इसी क्षमता का दूसरा क्रूज फरवरी-मार्च 2027 तक शुरू करने की योजना है। पर्यटकों को निर्धारित मार्ग पर करीब 35 से 45 मिनट तक क्रूज की सैर कराई जाएगी। यात्रा पूरी होने के बाद क्रूज शुरुआती स्थान पर वापस लौटेगा।

मानसून के दौरान नदी की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हर साल 1 जुलाई से 30 सितंबर तक यह सेवा बंद रहेगी।

म्यूजिकल फाउंटेन और फूड कोर्ट होंगे खास आकर्षण

यमुना रिवर सफारी में पर्यटकों और परिवारों के मनोरंजन के लिए कई सुविधाएं विकसित की गई हैं। पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा के अनुसार, यहां म्यूजिकल फाउंटेन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की गाथा और यमुना की महिमा प्रस्तुत की जाएगी।

इसके अलावा बच्चों के लिए प्ले जोन, गेमिंग गतिविधियां, क्रिएटिव जोन और फूड कोर्ट भी बनाए गए हैं। यमुना किनारे इकोलॉजिकल ट्रेल्स और वॉकिंग ट्रेल्स विकसित किए गए हैं, जहां लोग प्राकृतिक वातावरण का आनंद ले सकेंगे।

यात्रियों के लिए टर्मिनल और अन्य सुविधाएं

सोनिया विहार में यात्रियों की सुविधा के लिए तटवर्ती टर्मिनल, दो फ्लोटिंग जेट्टी, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। परिसर में व्यावसायिक दुकानें भी बनाई गई हैं।

इलेक्ट्रिक क्रूज के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन के साथ पेयजल, शौचालय और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

कई सरकारी एजेंसियों ने मिलकर तैयार की परियोजना

इस परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण, डीडीए, दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम के समन्वय से विकसित किया गया है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी केवल क्रूज या नौका सेवा नहीं, बल्कि मां यमुना के प्रति आस्था, प्रेम और समर्पण का प्रतीक है। इसके माध्यम से दिल्लीवासी नदी के प्राकृतिक परिवेश को करीब से महसूस कर सकेंगे। उन्होंने परिवार के साथ यहां आने और बच्चों को यमुना के प्राकृतिक वातावरण से परिचित कराने की अपील भी की।

Check Also

दिल्ली में प्रदूषण से राहत नहीं: जहरीली हवा के बीच छाई धुंध, लगातार बढ़ रहा सांस की बीमारियों का खतरा

राजधानी दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में दिवाली के बाद वायु प्रदूषण की स्थिति ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *