Thursday , October 22 2026

UP Teacher Recruitment: शिक्षामित्रों के लिए खुशखबरी, सहायक शिक्षक भर्ती में उम्र की बाधा होगी दूर

उत्तर प्रदेश में सहायक शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे शिक्षामित्रों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में नगर क्षेत्र के 11,508 सहायक अध्यापक पदों पर चल रही चयन प्रक्रिया में शिक्षामित्रों को आयु सीमा में छूट देने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत वे 60 वर्ष की आयु तक भी भर्ती के लिए आवेदन कर सकेंगे।

शासन ने जारी किए निर्देश

बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में सचिव, बेसिक शिक्षा परिषद को निर्देश भेजे हैं। इसमें कहा गया है कि नगर क्षेत्र के 11,508 सहायक अध्यापक पदों पर चल रही चयन एवं नियुक्ति प्रक्रिया में शिक्षामित्रों को आयु सीमा में छूट देने के निर्णय को शामिल किया जाए।

शासन ने यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रम में लिया है। शिक्षामित्र लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया में आयु सीमा में छूट देने की मांग कर रहे थे।

लंबे समय से कर रहे थे मांग

प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षामित्र पहले नियमित शिक्षकों की तरह कार्य करते थे। बाद में उन्हें शिक्षामित्र के पद पर कर दिया गया। इससे उनकी नियमित शिक्षक बनने की राह प्रभावित हुई। इससे पहले भी दो शिक्षक भर्तियों में शिक्षामित्रों को भारांक और आयु सीमा में छूट का लाभ दिया जा चुका है।

सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद फैसला

69,000 सहायक शिक्षक भर्ती से संबंधित मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने शिक्षामित्रों को अगली चयन प्रक्रिया में एक और अवसर देने पर सरकार से विचार करने को कहा था। इसी क्रम में अब 11,508 सहायक अध्यापक पदों की भर्ती में शिक्षामित्रों को आयु सीमा में छूट देने का निर्णय लिया गया है।

इस फैसले से उन शिक्षामित्रों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो अधिक उम्र होने के कारण भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने को लेकर चिंतित थे।

महत्वपूर्ण: आवेदन की अंतिम तिथि, पात्रता और अन्य शर्तों के लिए बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी आधिकारिक निर्देशों को देखना जरूरी है।

Check Also

आशुतोष रांका और सौरव दास की जमानत मंजूर, सात दिन बाद बाहर आएंगे; जानें पूरा मामला

दिल्ली की विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (एसईएम) अदालत ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक आशुतोष ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *