उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में मंगलवार देर रात दो युवकों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मईल थाना क्षेत्र के बढ़या हरदो गांव के सामने दोनों युवकों के शव मिले। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक युवक का गला रेता गया था, जबकि दूसरे के पेट पर चाकू से वार किए गए थे। दोनों युवक मंगलवार शाम मेला देखने के लिए घर से निकले थे।
मृतकों की पहचान इटहुरा हजाम निवासी विनय यादव और करजहां निवासी वकील यादव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोहरे हत्याकांड की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
मेला देखने निकले थे दोनों युवक
जानकारी के अनुसार, विनय यादव और वकील यादव मंगलवार शाम करीब सात बजे मेला देखने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद रात में रामजानकी मार्ग पर बढ़या हरदो गांव के सामने दोनों पर हमला किया गया। हमलावरों ने चाकू से वार कर उनकी हत्या कर दी।
विनय यादव गोरखपुर विकास प्राधिकरण में कार्यरत था। वह दशहरे के अवसर पर शनिवार को घर आया था। वहीं, वकील यादव रेलवे में ग्रुप डी के पद पर लार रोड में तैनात था। मंगलवार को उसकी ड्यूटी सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक थी। ड्यूटी पूरी करने के बाद वह घर पहुंचा था।
आधी रात पुलिस को मिली सूचना
पुलिस को यूपी-112 के माध्यम से आधी रात के आसपास सूचना मिली कि बढ़या हरदो गांव के पास दो व्यक्ति घायल अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देवरिया के पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर भी रात में मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और अधिकारियों से जानकारी ली।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस अधीक्षक ने हत्याकांड का जल्द खुलासा करने के लिए तीन टीमों का गठन किया है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उधर, दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मचा है और इलाके में दहशत का माहौल है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi