Sunday , October 18 2026

कुंभ मेले को लेकर सरकार सख्त: कैबिनेट मंत्री बोले- तय समयसीमा में पूरे हों सभी कार्य, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर रहेगा फोकस

हरिद्वार में कुंभ-2027 के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों से सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व सुगम आवागमन सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुंभ के दौरान भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बृहस्पतिवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में कुंभ की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मंत्री ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ का आयोजन दिव्य, भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं।

भीड़ प्रबंधन और यातायात पर विशेष जोर

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कुंभ में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके लिए पिछले कुंभ आयोजनों के अनुभवों से सीख लेते हुए भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और पार्किंग की प्रभावी योजना बनाई जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता, पेयजल और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को भी मजबूत करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और सभी परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

बसों और ट्रेनों के संचालन की बनेगी ठोस योजना

सतपाल महाराज ने कहा कि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए बसों और ट्रेनों के संचालन की ठोस योजना तैयार की जाए। इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाए, ताकि यात्रियों को समय रहते परिवहन संबंधी जानकारी मिल सके।

उन्होंने भीड़भाड़ वाले दिनों में भगदड़ जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि ट्रेनों के प्रस्थान से ठीक पहले प्लेटफॉर्म बदलने या अन्य व्यवस्थाओं में अचानक बदलाव करने से बचा जाए, ताकि यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति पैदा न हो।

कुंभ के बाद भी हरिद्वार को मिलेगा सुविधाओं का लाभ

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कुंभ के लिए विकसित की जा रही आधारभूत सुविधाओं का लाभ हरिद्वार के लोगों को पूरे वर्ष मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसी योजनाओं पर ध्यान देने को कहा, जो कुंभ के आयोजन के साथ-साथ शहर की दीर्घकालिक जरूरतों को भी पूरा कर सकें।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए कुंभ-2027 को सुरक्षित और सफल बनाने की दिशा में समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करें।

Check Also

रेखा आर्या प्रकरण की जांच तेज, एसआईटी गठित; आठ सदस्यीय टीम खंगालेगी पूरे मामले के तथ्य

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े विवाद ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *