Monday , September 14 2026

राजभर ने साधा अखिलेश पर निशाना: बोले- सपा के कारनामों को जनता भूली नहीं, आजम खां भी नहीं भूले

प्रदेश सरकार के पंचायती राज कैबिनेट मंत्री और अंबेडकरनगर के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शनिवार को समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल के कारनामों को जनता भूली नहीं है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। राजभर ने दावा किया कि अंबेडकरनगर की शेष चारों सीटों पर भी सपा को हार का सामना करना पड़ेगा।

राजभर ने कहा कि केवल बयानबाजी से सरकार नहीं बनती। उन्होंने गोरखपुर मंडल में सपा के 29 सीटें हारने और वाराणसी में 28 में से केवल चार सीटों पर जीतने का दावा भी किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के समय लोगों में लूट और असुरक्षा का डर रहता था।

आजम खां के मामले में अखिलेश को बताया जिम्मेदार

आजम खां के मुद्दे पर ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने सवाल किया कि जब सरकारी जमीन और धन से कॉलेज बनाया जा रहा था तो जमीन का हस्तांतरण क्यों नहीं किया गया। राजभर ने सपा और कांग्रेस सरकारों के समय वक्फ की जमीनों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने दावा किया कि वक्फ की करोड़ों रुपये की जमीनें हजारों रुपये में लीज पर दी गईं और उन पर मॉल व होटल बनाए गए। राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार में जमीनें बेची नहीं गईं।

सपा पर घटनाओं को लेकर भी निशाना

अखिलेश यादव के संजय निषाद को सरकार से बाहर निकलने संबंधी तंज पर राजभर ने कहा कि सरकार ने कानूनी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ है।

राजभर ने आरोप लगाया कि 80 प्रतिशत घटनाएं सपा से जुड़े लोगों द्वारा की जा रही हैं। उन्होंने पीडीए की बैठकों को लेकर भी सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां दलितों को बैठने तक की जगह नहीं मिलती।

मंत्रियों के बयानों पर बोले- गलती पर होगी कार्रवाई

संजय निषाद के अधिकारियों द्वारा सुनवाई नहीं किए जाने के बयान और राज्यमंत्री राकेश राठौर गुरु के रोने को लेकर पूछे गए सवाल पर राजभर ने कहा कि मंत्री को जैसा लगा होगा, उन्होंने वैसा कहा होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भी कभी-कभी गलती करते हैं, लेकिन किसी के साथ मारपीट नहीं होनी चाहिए। यदि कोई घटना करता है तो उसे सजा मिलेगी।

बाढ़ को लेकर अखिलेश पर पलटवार

प्रेरणा स्थल पर जलभराव को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर राजभर ने कहा कि बिहार और नेपाल में भी बाढ़ आई है, इसे भाजपा ने नहीं कराया है। उन्होंने कहा कि बरसात में ऐसी स्थिति पैदा होती है। राजभर के मुताबिक, पहले खुले नाले और नदियां थीं, लेकिन अब उन पर भी अतिक्रमण हो गया है।

Check Also

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: चार्जशीट तैयार, जल्द अदालत में दाखिल करने की तैयारी

राम मंदिर के चढ़ावे की रकम चोरी के मामले में पुलिस की विवेचना निर्णायक दौर ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *