Wednesday , September 9 2026

जीएसटी काउंसिल की बैठक टली: ब्रिक्स समिट के कारण बदली तारीख, अब 7 अक्तूबर को होगी मीटिंग

जीएसटी काउंसिल की 12 सितंबर को प्रस्तावित बैठक अब 7 अक्तूबर को होगी। अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के चलते बैठक की तारीख में बदलाव किया गया है। यह जीएसटी काउंसिल की 57वीं बैठक होगी।

बैठक से पहले 5 और 6 अक्तूबर को अधिकारियों की बैठक होगी। काउंसिल की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करती हैं और इसमें राज्यों के वित्त मंत्री शामिल होते हैं। करीब एक साल से अधिक समय बाद जीएसटी काउंसिल की बैठक होने जा रही है।

बड़े कारोबारियों के GST रजिस्ट्रेशन पर हो सकती है चर्चा

7 अक्तूबर की बैठक में बड़े कारोबारियों के जीएसटी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया आसान बनाने पर चर्चा होने की संभावना है। खास तौर पर उन कारोबारियों के लिए प्रक्रिया सरल करने पर विचार किया जा सकता है, जो हर महीने 2.5 लाख रुपये से अधिक का टैक्स क्रेडिट आगे बढ़ाते हैं।

इसके अलावा जीएसटी रजिस्ट्रेशन रद्द करने की प्रक्रिया में ऑटोमेशन समेत अन्य बदलावों पर भी चर्चा संभव है।

NCLT ने K-3 Education की संपत्तियों की नीलामी पर लगाई रोक

राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (NCLT) ने कर्ज में डूबी एजुटेक कंपनी बायजू से जुड़ी K-3 Education की संपत्तियों की नीलामी पर रोक लगा दी है। K-3 Education, बायजू की मूल कंपनी थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड (TLPL) की सहायक कंपनी है।

कंपनी पर करीब 150 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों को महज 16 करोड़ रुपये में बेचने के आरोप लगे थे। यह आदेश K-3 Education के रिजॉल्यूशन प्रोफेशनल और क्रिटिकल सॉल्यूशंस की ओर से दायर याचिका पर आया है।

न्यायाधिकरण ने संपत्तियों के निपटान पर 21 सितंबर को होने वाली अगली सुनवाई तक रोक लगाते हुए यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया है।

टाटा टेक्नोलॉजीज के पूर्व CEO ने बेचे 165 करोड़ रुपये के शेयर

टाटा टेक्नोलॉजीज के पूर्व सीईओ एवं प्रबंध निदेशक पैट्रिक रेमन मैकगोल्ड्रिक ने बीएसई पर खुले सौदे के जरिये करीब 165 करोड़ रुपये के शेयर बेचकर कंपनी में अपनी हिस्सेदारी घटा दी है।

उन्होंने शुक्रवार को चार चरणों में 21 लाख शेयर बेचे। ये शेयर कंपनी में 0.51 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर हैं। शेयर 785 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर बेचे गए, जिससे सौदे का कुल मूल्य करीब 164.85 करोड़ रुपये रहा।

शेयर बिक्री के बाद टाटा टेक्नोलॉजीज में मैकगोल्ड्रिक की हिस्सेदारी 1.13 फीसदी से घटकर 0.62 फीसदी रह गई।

Check Also

थल, वायु और नौसेना की बढ़ेगी ताकत: 1.10 लाख करोड़ की रक्षा खरीद में क्या-क्या शामिल?

रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) ने सोमवार को रक्षा बलों के लिए करीब 1.10 लाख करोड़ ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *