श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक में तीन नए सदस्यों को शामिल किए जाने की घोषणा की गई है। अयोध्या की मणिरामदास छावनी में चल रही बैठक में ट्रस्ट के नए सदस्यों के नाम सामने आए हैं। इनमें अयोध्या के मदन मोहन पांडेय, दिल्ली के महेश भागचंदका और अयोध्या की निर्मला यादव शामिल हैं।
बैठक में ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव डॉ. कृष्ण मोहन, कोषाध्यक्ष गोविंद देवगिरि, ट्रस्टी महंत दिनेंद्र दास, शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती समेत अन्य ट्रस्टी मौजूद हैं।
पहले चरण में सीईओ के नाम पर चर्चा
राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक दो चरणों में हो रही है। पहले चरण में मंदिर के पहले मुख्य कार्यपालक अधिकारी यानी CEO के चयन पर चर्चा की जा रही है। CEO के चयन के लिए गठित तीन सदस्यीय सर्च कमेटी ट्रस्ट को अपनी रिपोर्ट सौंप चुकी है। रिपोर्ट में तीन नामों का पैनल दिए जाने की जानकारी है। अब ट्रस्ट इन नामों पर विचार करने के बाद अंतिम नाम पर फैसला कर सकता है।
राजेश पांडेय का नाम चर्चा में
CEO पद के लिए पूर्व आईपीएस अधिकारी राजेश पांडेय का नाम प्रमुख दावेदारों में बताया जा रहा है। उनके पास पुलिस और प्रशासनिक अनुभव के साथ मंदिर प्रशासन का भी अनुभव है। वह लखनऊ के अलीगंज स्थित ऐतिहासिक हनुमान मंदिर के ट्रस्ट के सचिव भी हैं।
CEO की जिम्मेदारी में अयोध्या में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या, सुरक्षा व्यवस्था, सरकारी एजेंसियों के साथ समन्वय और मंदिर से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स के प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल होंगे।
कई अहम मुद्दों पर भी होगी चर्चा
बैठक के दूसरे चरण में ट्रस्ट से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इनमें ट्रस्ट की डीड और न्यास नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव भी शामिल है।
इसके अलावा पूर्व महासचिव चंपत राय और पूर्व ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र की संभावित वापसी को लेकर भी चर्चा पर नजर है। दोनों ने चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद अपने पदों से इस्तीफा दिया था। हालांकि उनकी वापसी पर अंतिम निर्णय ट्रस्ट की बैठक में ही स्पष्ट होगा।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi