Wednesday , September 2 2026

देहरादून: राहुल गांधी पर केस को लेकर कांग्रेस का हल्लाबोल, मुकदमा निरस्त नहीं हुआ तो आंदोलन

राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने डीजीपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने मुकदमे को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए इसे तत्काल रद्द करने की मांग की है। पार्टी ने मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है।

राहुल गांधी पर एफआईआर को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने विरोध जताया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने सोमवार को डीजीपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने एफआईआर तत्काल निरस्त करने की मांग की।

एफआईआर में एससी/एसटी एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने 29 अगस्त को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 11 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए शुद्धिकरण और धार्मिक अनुष्ठान को लेकर टिप्पणी की थी।

कांग्रेस ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को झूठा, निराधार और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया है।

कांग्रेस ने पुलिस पर लगाया आरोप

सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया कि आठ अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद हल्द्वानी के रामलीला मैदान का कुछ हिंदूवादी संगठनों ने शुद्धिकरण किया था। कांग्रेस का आरोप है कि वीडियो साक्ष्य होने के बावजूद इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की, जबकि राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

धस्माना ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड पुलिस सत्ता के दबाव में काम कर रही है।

कांग्रेस ने डीजीपी के सामने रखीं तीन मांगें

कांग्रेस ने डीजीपी के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली, राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर की निष्पक्ष जांच कर उसे तत्काल रद्द किया जाए। दूसरी, रामलीला मैदान में शुद्धिकरण करने वाले गिरीश पांडेय और उनके साथियों के खिलाफ वीडियो साक्ष्य के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाए। तीसरी, शिकायतकर्ता अमित कुमार के राजनीतिक संबंधों की जांच की जाए।

मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द नहीं की गई और पार्टी के अनुसार वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश कांग्रेस प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी।

Check Also

कौशांबी पटाखा फैक्टरी हादसा: पीएम मोदी ने जताया शोक, मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद का एलान

उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *