Wednesday , September 2 2026

हापुड़ में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार थार पलटी, चार युवकों ने गंवाई जान; एक घायल

सिंभावली थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बदायूं से दिल्ली जा रही एक तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि एक 17 वर्षीय युवक घायल हो गया।

हादसा रविवार देर रात करीब एक बजे हुआ। बताया गया कि थार तेज रफ्तार में बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान सिंभावली क्षेत्र में चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और थार पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने पांचों घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में सवार पांचों लोगों को बाहर निकाला और इलाज के लिए सीएचसी सिखेड़ा भेजा।

अस्पताल में चिकित्सकों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जोगिंदर (26), सुखबीर (25), जसवंत (20) और रवि (20) के रूप में हुई है। सभी बदायूं जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे।

वहीं, हादसे में घायल 17 वर्षीय विष्णु को हल्की चोटें आई हैं। उसका इलाज कराया गया है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होने से हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Check Also

यूपी में 68500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों का हल्लाबोल, बेसिक शिक्षा मंत्री से आयोग की संस्तुति लागू करने की मांग

68500 सहायक शिक्षक भर्ती परीक्षा-2018 में आरक्षण से जुड़े मामले को लेकर अभ्यर्थियों का विरोध ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *