प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों और भारतीय दल के सदस्यों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की और उनके अनुभव भी सुने। मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ एक वीडियो भी साझा किया।
पीएम मोदी ने साझा की रील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों के साथ मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज साक्षी चौधरी प्रधानमंत्री से कुछ शब्द कहने का आग्रह करती नजर आती हैं। इसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा, ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा। हमेशा भारत के लिए उत्साह बढ़ाएं।’
प्रधानमंत्री ने बाद में सोशल मीडिया पोस्ट में खिलाड़ियों से मुलाकात को लेकर भी जानकारी साझा की और कहा कि इन खिलाड़ियों की उपलब्धियां देश को गौरवान्वित करती हैं और उनका प्रदर्शन युवाओं को प्रेरित करेगा।
39 पदकों के साथ चौथे स्थान पर रहा भारत
ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने कुल 39 पदक जीते। भारतीय खिलाड़ियों ने 13 स्वर्ण, 17 रजत और नौ कांस्य पदक अपने नाम किए। इस प्रदर्शन के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।
इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में पहले की तुलना में कम खेल शामिल थे। इसके बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। भारत के 38 खिलाड़ी पदक जीतने में सफल रहे।
बॉक्सिंग में भारत का शानदार प्रदर्शन
भारतीय मुक्केबाजों ने ग्लासगो खेलों में विशेष रूप से शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने बॉक्सिंग में कुल 10 पदक जीते, जिसमें सात स्वर्ण पदक शामिल रहे। साक्षी चौधरी भी स्वर्ण पदक जीतने वाले भारतीय मुक्केबाजों में शामिल रहीं।
भारत के लिए लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने दो पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। अब भारतीय खेल जगत की नजर 2030 में अहमदाबाद में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स पर है।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi