Monday , August 10 2026

BJP-रालोद की बढ़ती नजदीकी का मंच पर दिखा नजारा, सीएम योगी के सामने साथ दिखे नेता; गुलाम ने बरसाए फूल

मेरठ के मोदीपुरम में शनिवार को कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ भाजपा और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के नेता एक ही मंच पर नजर आए। इस दौरान दोनों दलों के नेताओं ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। रालोद के सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद ने भी मुख्यमंत्री के साथ कांवड़ियों पर फूल बरसाए।

कार्यक्रम के दौरान मंच पर भाजपा और रालोद नेताओं की आपसी मुलाकात और बातचीत चर्चा का विषय रही। कार्यक्रम में दोनों दलों के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मंच पर साथ दिखे भाजपा-रालोद के नेता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मंच पर भाजपा सांसद अरुण गोविल, राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी, राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, राज्य मंत्री दिनेश खटीक, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया समेत भाजपा के कई नेता मौजूद रहे।

वहीं रालोद की ओर से बागपत सांसद राजकुमार सांगवान, बिजनौर विधायक चंदन चौहान और सिवालखास विधायक गुलाम मोहम्मद कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी नेताओं ने कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की।

गुलाम मोहम्मद ने भी बरसाए फूल

रालोद विधायक गुलाम मोहम्मद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की। उनके हाथ में फूलों की टोकरी थी और उन्होंने भी अन्य नेताओं के साथ शिवभक्तों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में भाजपा और रालोद नेताओं की मौजूदगी को आगामी विधानसभा चुनाव की सियासत के लिहाज से भी देखा जा रहा है। हालांकि, मंच पर दोनों दलों के नेताओं की मौजूदगी को लेकर किसी नए राजनीतिक गठबंधन की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

संगीत सोम और सुनील भराला भी मंच पर पहुंचे

मुख्यमंत्री के साथ पुष्पवर्षा करने वालों में सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम और भाजपा नेता सुनील भराला भी शामिल रहे। कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई भाजपा और रालोद नेता मौजूद रहे।

कांवड़ यात्रा को सामाजिक एकता का प्रतीक बताया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक एकता और समरसता का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में जाति और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर श्रद्धालु भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था के साथ आगे बढ़ते हैं।

मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों का स्वागत किया और हेलीकॉप्टर से भी पुष्पवर्षा कर कांवड़ मार्ग का जायजा लिया। उन्होंने यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में जुटे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की भी सराहना की।

मुख्यमंत्री के अनुसार, शिवरात्रि तक तीन दिन कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की जाएगी। इसके लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था की गई है।

Check Also

प्रेमिका के पति को गंडासे से काट डाला, सिर-चेहरे पर 17 वार; CCTV फुटेज से सामने आई कत्ल की कहानी

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना में ससुराल आए 28 वर्षीय युवक की धारदार ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *