Friday , September 18 2026

सावन सोमवार पर स्कूलों की छुट्टी, यूपी के इस जिले में जिलाधिकारी का बड़ा फैसला

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में कांवड़ यात्रा और सावन माह के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। जिलाधिकारी (DM) अविनाश सिंह ने आदेश जारी कर सावन के प्रत्येक सोमवार को बरेली महानगर के सभी शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा, सुचारू यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है।

जिलाधिकारी के आदेश के मुताबिक, सावन के सोमवार को शिव मंदिरों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में कांवड़िए और श्रद्धालु पहुंचते हैं। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी ट्रैफिक जाम और भीड़ की स्थिति बन जाती है। ऐसे में स्कूली बच्चों के आवागमन में कठिनाई के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए छात्रों के लिए अवकाश घोषित किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश बरेली महानगर के सभी यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई समेत अन्य बोर्डों के स्कूलों, डिग्री कॉलेजों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक और अन्य तकनीकी संस्थानों पर लागू होगा। साथ ही दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी शिक्षण संस्थान भी इस आदेश के दायरे में रहेंगे।

हालांकि, जिला प्रशासन ने यह भी साफ किया है कि यह अवकाश केवल छात्र-छात्राओं के लिए रहेगा। सभी शिक्षण संस्थानों का शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक स्टाफ नियमित रूप से अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेगा और सरकारी कार्यों का निष्पादन करेगा। इसके अलावा यदि किसी बोर्ड, विश्वविद्यालय या आयोग की परीक्षा पहले से निर्धारित है, तो वह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी।

प्रशासन का मानना है कि यह कदम कांवड़ यात्रा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन में मदद करने और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

Check Also

यह कैसा सेवा संकल्प? प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 2500 लोग पहुंचे, रक्तदान के लिए आगे आए महज 13

फर्रुखाबाद में प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से सेवा संकल्प अभियान ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *