गुरु पूर्णिमा के अवसर पर संत शिरोमणि गुरु रविदास के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी पहुंचेंगे। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी और सरकार के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम का आयोजन सीर गोवर्धन स्थित संत रविदास मंदिर में किया जाएगा। इसमें संत रविदास मंदिर के प्रमुख हरजिंदर सिंह, उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, मंत्री अनिल राजभर तथा राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा भी शामिल होंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने बताया कि कार्यक्रम में देश के 27 राज्यों से आए प्रतिनिधियों को सीर गोवर्धन की पावन माटी से भरे कलश सौंपे जाएंगे। ये प्रतिनिधि अपने-अपने राज्यों में संत रविदास के सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेकर लौटेंगे।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविदास पार्क को आकर्षक रोशनी और सजावट से संवारा गया है। बुधवार शाम पार्क में 11 हजार दीप जलाकर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा।
इसके अलावा कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक, एमएलसी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। प्रशासन ने वीआईपी आगमन को देखते हुए सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं।
satyamorcha.com Hindi News, latest and breaking news in Hindi