Friday , September 18 2026

कोर्ट मैरिज से शुरू हुआ सफर, कत्ल और आत्महत्या पर खत्म हुई प्रेम कहानी; सौरभ-शालिनी केस ने चौंकाया

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बर्रा थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक दंपती रिश्ते में चचेरे भाई-बहन थे और उन्होंने करीब चार महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ कोर्ट मैरिज की थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, सौरभ सविता (23) और शालिनी उर्फ रानी (20) पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध में थे। दोनों के रिश्ते का परिवारों ने विरोध किया था। कुछ महीने पहले मामला पुलिस तक भी पहुंचा, लेकिन दोनों बालिग होने के कारण समझाइश के बाद उन्हें जाने दिया गया। इसके अगले ही दिन दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और दिल्ली में रहने लगे।

करीब पांच दिन पहले दंपती दिल्ली से कानपुर लौटे और बर्रा सात स्थित एक किराए के मकान में रहने लगे। मंगलवार दोपहर मकान में रहने वाली एक महिला ने रोशनदान से सौरभ को फंदे से लटका देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो शालिनी का शव फर्श पर पड़ा मिला। उसके गले पर कपड़े से गला घोंटने के निशान थे, जबकि सौरभ का शव फंदे से लटका हुआ था। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि सौरभ ने पहले शालिनी की हत्या की और उसके बाद आत्महत्या कर ली। हालांकि, इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दोनों से फोन पर बातचीत हुई थी और उस समय वे सामान्य बातचीत कर रहे थे। ऐसे में कुछ ही समय बाद हुई इस घटना ने परिवार को भी हैरान कर दिया है।

पुलिस अब दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही है। साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Check Also

यूपी: जहां भाजपा को लगातार मिली हार, वहां सहयोगी दलों ने संभाला मोर्चा; कमजोर सीटों पर बढ़ाई सक्रियता

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी ...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *